
दरभंगा जंक्शन से बच्चा हुआ चोरी, नही काम कर रहा है सीसीटीवी। Voice of Darbhanga

दरभंगा: दरभंगा स्टेशन पर चोरों-पॉकेटमारों को डराने के लिए सीसीटीवी के पोस्टर प्लेटफॉर्म से लेकर वेटिंग रूम और स्टेशन परिसर तक में लगाए गए हैं , लेकिन असल में सीसीटीवी कहीं चालू नहीं है। इसका खामियाजा रविवार को सुपौल जिले के एक यात्री को भुगतना पड़ा जब उसका एक साल का मासूम बच्चा चोरी हो गया। तुरंत जानकारी देने के बाद भी पुलिस उसे ढूंढ नहीं पाई। इस घटना में जीआरपी की लापरवाही भी सामने आई है।
सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज के उदय कुमार ने बताया कि वे दरभंगा से ट्रेन पकड़कर अपने बच्चे का इलाज कराने के लिए हैदराबाद जाने वाले थे। उनकी ट्रेन सुबह छह बजे थी। स्टेशन पर कुछ देर के लिए उनकी आंख लग गई, इतने में ही चोर बच्चे को ले भागा। उन्होंने तुरंत जीआरपी को घटना की जानकारी दी। आशंका जताई कि उनके बच्चे को सीतामढ़ी की तरफ जाने वाली ट्रेन में चढ़ा कर चोर ले गया है , लेकिन ट्रेन में चेक करने के बजाए सिपाही स्टेशन के बाहर ढूंढने चले गए। स्टेशन पर सीसीटीवी का पोस्टर लगा है लेकिन सीसीटीवी नहीं है।
दरभंगा जीआरपी थानाध्यक्ष इमरान आलम ने बताया कि आवेदन मिला है। मामले में कार्रवाई की जा रही है। पीड़ित ने ट्रेन रोककर उसमे चेकिंग करने की मांग की थी, लेकिन ट्रेन रोककर चेकिंग करना उनके वश में नहीं है। सीसीटीवी चालू करवाना भी उनके वश में नहीं है।

