
गोलीबारी, मर्डर, लूट, चोरी, छिनतई के बाद अब पुनः डकैती की भी दरभंगा में हुई शुरुआत! Voice of Darbhanga

दरभंगा: दरभंगा में सभी प्रकार अपराध अब शुरू हो गए हैं। इनदिनों जहां मर्डर, गोलीबारी, लूट, चोरी, छिनतई हो ही रहे थे। अब गुरुवार देर रात डकैतों ने भी कहर बरपा पर कर पुनः अपनी उपस्थिति दर्ज करवा दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के मनीगाछी थाना क्षेत्र की ब्रह्मपुर पंचायत के कन्हौली गांव में गुरुवार की रात करीब साढ़े बारह बजे नवेंदु कुमार झा उर्फ बच्चू बाबू के घर से डकैतों ने जेवरात व नगद सहित तीन लाख की संपत्ति लूट ली। सभी नकाबपोश डकैत 20 से 25 वर्ष की उम्र के थे। उन्होंने आंगन के रास्ते घर में प्रवेश कर घटना को अंजाम दिया।
स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना एसएसपी गरिमा मलिक को दी। तत्काल कार्रवाई का निर्देश मिलने पर बेनीपुर डीएसपी उमेश्वर चौधरी, नेहरा ओपी अध्यक्ष मनोज कुमार शर्मा एवं बाजितपुर ओपी अध्यक्ष महेश्वर कुमार मिश्र घटनास्थल पर पहुंचे व स्थिति का जायजा लिया। शुक्रवार की सुबह श्वान दस्ते ने भी मौके पर पहुंचकर छानबीन की। घटनास्थल पर इंस्पेक्टर राम लायक राम, मनीगाछी थानाध्यक्ष राजीव कुमार, बाजितपुर ओपी अध्यक्ष महेश्वर कुमार झा व नेहरा ओपी अध्यक्ष मनोज कुमार शर्मा कैंप किए हुए हैं। डीएसपी उमेश्वर चौधरी ने इस घटना का जल्द खुलासा करने का दावा किया है।
जानकारी के अनुसार डकैतों ने घर में प्रवेश करने के बाद सबसे पहले नवेंदु के परिवार वालों को जगाया। सकरी बाजार स्थित एक निजी नर्सिंग होम में बतौर कम्पाउंडर काम करने वाले नवेंदु ने किसी रोगी का परिजन समझ घर का दरवाजा खोल दिया। जैसे ही दरवाजा खुला कि नकाबपोश अपराधियों ने लोहे की पाइप से उनकी गर्दन के नीचे वार कर दिया और हाथ में रखा पिस्तौल तानकर शोर नहीं मचाने की नसीहत देते हुए आलमारी की चाबी देने का इशारा किया। इस दौरान घर में नवेंदु झा के अलावा पत्नी बेबी देवी, बेटी रागिनी (21), चांदनी (18) व साले की बेटी हर्षिता (8 वर्ष) मौजूद थीं। सभी दहशत में थे।
गृहस्वामी नवेंदु ने आलमारी की चाबी दे दी। करीब 20 मिनट के भीतर डकैतों ने आलमारी में रखे नगद करीब 70 हजार, बेटी रागिनी की शादी के लिए रखे गहने, करीब 15 चांदी के सिक्के, दो पायल व दो मोबाइल फोन ले लिए। अपराधियों ने नवेंदु की गर्दन में लटकी सोने की चेन में लगी हनुमानी भी ले ली। इस बीच अपराधियों ने नवेंदु की पत्नी बेबी देवी के कान की बाली एवं नाक की नथिया को भी जबरदस्ती नोंचना चाहा। भय से कांपती बेबी देवी ने दोनों गहने उतारकर अपराधियों के हवाले कर दिए।

