
महावीरी झंडा में उमड़े हजारों श्रद्धालु। Voice of Darbhanga

दरभंगा: दरभंगा और सीतामढ़ी जिले की सीमा पर जाले थाना क्षेत्र के दोघड़ा गांव में गुरुवार को आयोजित दो दिवसीय महावीरी झंडा महोत्सव शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। महोत्सव स्थल पर जाले थाना क्षेत्र के नगरडीह, लतराहा और दोघड़ा एवं सीतामढ़ी जिले के नानपुर थाना क्षेत्र के सौरिया गांव से धार्मिक जुलूस के साथ गगनचुंबी महावीरी झंडा लाया गया।
धार्मिक जुलूस के साथ चल रहे हजारों श्रद्धालु भगवान के जयकारे लगा रहे थे। महोत्सव स्थल पर बारी-बारी से पहुंचे गगनचुंबी महावीरी झंडे को वैदिकों ने मंत्रोच्चार के बीच प्रतिष्ठाथापित किया। इसके बाद देवी देवताओं की पूजा हुई एवं दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ पड़ी। जाले के विधायक जीवेश कुमार ने भी वहां पर कतारबद्ध होकर श्रीरामभक्त हनुमान जी की पूजा-अर्चना की और भक्त भगवान के भजन स्वरूपों का दर्शन किया। महोत्सव में महिला एवं पुरुष का गायनशैली में झरनी नृत्य आकर्षण का केंद्र बना हुआ था।
झरनी नृत्य में दरभंगा, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, मधुबनी और नेपाल की कई टीमें भाग ले रही थीं। महोत्सव स्थल सीमावर्ती इलाके पर कई आम और खास लोग भी पहुंचे थे। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दरभंगा के सदर एसडीओ राजेश गुप्ता, एसडीपीओ अनोज कुमार, बेनीपुर एसडीपीओ उमेश्वर चौधरी के संयुक्त नेतृत्व में एक दर्जन से अधिक थाने की अधिकारी, महिला और पुरुष पुलिस और दंडाधिकारी चप्पे-चप्पे पर मौजूद थे। वहीं सीतामढ़ी जिले के पुपरी अनुमंडल के एसडीओ घनंजय कुमार और एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय सहित नानपुर थाने की पुलिस एवं बोखड़ा प्रखंड के सभी अधिकारी महोत्सव स्थल के आसपास मौजूद थे।

