
दरभंगा में होगा बिहार का पहला एयर शो, करतब दिखाने को तैयार वायुसेना के जांबाज। Voice of Darbhanga
दरभंगा: भारतीय वायु सेना के जांबाज पायलट के करतब लोगों ने टीवी पर कई बार देखे होंगे। अब उनका करतब आप दरभंगा एयर फोर्स स्टेशन पर देख सकेंगे। यहां के वायु सेना केन्द्र पर 20 नवम्बर को एयर फोर्स की हेलीकॉप्टर टीम ‘सारंग अपनी हैरतअंगेज करतब दिखाएगी। इसकी जोरशोर से तैयारी चल रही है। एयर शो के लिए वायु सेना के करीब आधा दर्जन हेलीकॉप्टर पहुंच चुके हैं। वायु सेना के अधिकारियों की ओर से आमंत्रित किए गए एयर शो का दीदार कर सकेंगे।
दरभंगा वायु सेना केन्द्र के विंग कमांडर राजीव रंजन ने बताया कि नीली वर्दी वाले वायु सैनिकों की जांबाजी के प्रति लोगों के बीच जागरुकता पैदा करने के लिए बिहार में पहली बार एयर शो का आयोजन किया जा रहा है। एयर शो का मुख्य मकसद युवाओं को भारतीय वायु सेना में भर्ती होकर देश सेवा के लिए प्रेरित करना है।
विंग कमांडर ने बताया कि अपने प्रदर्शन से संपूर्ण विश्व में पहचान बनाने वाली सारंग टीम अपने करतब से लोगों को रोमांचित करेगी। टीम आने वाले कुछ महीनों में संपूर्ण उत्तर भारत व पूर्वी राज्यों के कई कन्द्रों पर प्रदर्शन करेगी। दरभंगा के बाद गुवाहाटी में एयर शो आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 17 से 19 नवम्बर तक सारंग टीम दरभंगा एयर फोर्स स्टेशन पर अभ्यास करेगी। 20 नवम्बर को दो घंटे के एयर शो में सारंग टीम लोगों को रोमांचित करेगी। शो के लिए टीम की तैयारी जोरों पर है।

