
दीक्षांत समारोह की तैयारी अंतिम चरण में, पगड़ी की जगह पाग पहनेंगे छात्र। Voice of Darbhanga

दरभंगा: कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय में 20 नवंबर को आयोजित होने वाले छठे दीक्षांत समारोह की तैयारी को लेकर चल रहा साफ सफाई और रंग रोगन का कार्य अंतिम चरण में है। शिक्षा शास्त्र विभाग परिसर में बन रहे पंडाल निर्माण के लिए बांस बल्ला लगाने का कार्य जोर-शोर से दिन रात चल रहा है ।पुराना पीजी विभाग परिसर में भी साफ-सफाई का काम चल रहा है। इधर संस्कृत विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मालवीय पगड़ी के स्थान पर विशेष परिस्थिति में पाग की व्यवस्था करने को राज भवन की ओर से शुक्रवार को सहमति प्रदान कर दी गई। संयुक्त सचिव विजय कुमार की ओर से संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति को प्रेषित पत्र में कहा गया है कि मालवीय पगड़ी के स्थान पर पाग की व्यवस्था की जा सकती है। राजभवन से पहुंचे पत्र के अनुसार 4 शिक्षा विभूतियों को विद्यावाचस्पति( डी लिट) की उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। इनमें पूर्व कुलपति प्रो. मुनीश्वर झा, वाराणसी के सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रो. कृष्ण चंद्र द्विवेदी, पूरी, उड़ीसा के डॉ. हरिहर झा व सुलभ इंटरनेशनल के डॉ. बिंदेश्वर पाठक शामिल हैं।

