
दरभंगा-सीतामढ़ी के सीमावर्ती इलाके में जाले के महिला की हत्या। Voice of Darbhanga

दरभंगा: दरभंगा-सीतामढ़ी जिले के सीमावर्ती क्षेत्र दोघड़ा-खड़का सड़क किनारे मुसाई भिंडा के पास अपराधियों ने 65 वर्षीया विधवा की धारदार हथियार से गला रेत हत्या कर दी। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान जाले थाना क्षेत्र की कतरौल वसंत पंचायत के लतराहा हराजी टोला निवासी स्व. जय किशुन यादव उर्फ साहब की पत्नी जगतारण देवी के रूप में हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार जगतारण देवी पशुओं के लिए चारा काटने घर से कुछ ही दूर पश्चिम मुसाई भिंडा गई थी। शाम के लगभग चार बजे जब कुछ महिलाओं ने एक महिला की लाश देखी तो उन्होंने शोर मचाया। इसके बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। शव की पहचान जगतारन देवी के रूप में हुई। कयास लगाया जा रहा है कि अपराधियों ने लूटपाट के बाद हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया है।
इस घटना की सूचना मिलते ही जाले थानाध्यक्ष उमेश कुमार और एएसआई ब्रजेश पांडेय ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया।
इस संबंध में जाले थानाध्यक्ष उमेश कुमार ने बताया कि हत्या की घटना सीतामढ़ी जिले के नानपुर थाना क्षेत्र की है। घटना की सूचना नानपुर पुलिस को दे दी गई है। फिलहाल शव को उसके घर लतराहा में रखा गया है। गांव वालों का कहना है कि इस तरह हत्या की यह पहली घटना है। उक्त चौड़ में गांव की महिलाएं अक्सर घास काटने जाती हैं। इस हत्याकांड के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया है।

