Home मुख्य अनियंत्रित बस ने तीन को रौंदा, मौके पर हुई तीनो की मौत। Voice of Darbhanga
मुख्य - November 18, 2018

अनियंत्रित बस ने तीन को रौंदा, मौके पर हुई तीनो की मौत। Voice of Darbhanga

दरभंगा: शहर से सटे दरभंगा-सकरी एनएच-57 पर बसैला मोड़ के पास रविवार को अनियंत्रित बस ने तीन लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि बस में सवार तीन-चार यात्रियों को मामूली चोटें आयी हैं। उन्हें बगल के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान दरभंगा जिले के सदर थाना क्षेत्र के सारामोहनपुर निवासी स्व. जोगिन्दर सहनी के पुत्र जहिंद्र सहनी, स्व. बुनाई सहनी के पुत्र भोला सहनी व रामचंद्र सहनी के रूप में की गयी है। तीनों की उम्र 45 से 55 वर्ष के बीच थी। घटना दिन के साढ़े तीन बजे की है।
घटना की सूचना मिलते ही डीएम डॉ.चंद्रशेखर सिंह और वरीय पुलिस अधीक्षक गरिमा मलिक ने घटनास्थल का जायजा लिया और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिए जाने का आश्वासन दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है। बस का चालक फरार बताया जाता है।
बताया जाता है कि अपने घर से टेंपो पर सवार होकर पांच लोग उक्त स्थान पर उतरे थे। इनमें से रामवृक्ष सहनी और छितन सहनी बगल की दुकान में चाय पीने चले गए। अन्य तीन लोग वहीं सड़क पर खड़े थे। इसी दौरान दिल्ली से मधुबनी जिले के लौकहा जा रही स्लीपर बस रामजानकी ट्रेवल्स एक बाइक चालक को बचाने के क्रम में अनियंत्रित होकर एनएच से उतरकर तीनों को रौंदते हुए लिंक रोड होते हुए करीब 15 फीट नीचे खेत में चली गयी। इस हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद तीनों को डीएमसीएच लाया गया। वहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। बेंता ओपी अध्यक्ष आशुतोष झा ने भी तीनों की मौत की पुष्टि की है। बताया जाता है कि रामचंद्र सहनी मूल रूप से मधुबनी जिले के निर्मली का रहने वाला था। वह सारामोहनपुर में समधियाना में घर बनाकर रह रहा था। उधर, घटनास्थल पर दरभंगा के जिलाधिकारी डॉ0 चंद्रशेखर सिंह एवं एसएसपी गरिमा मलिक घायलों एवं मृतकों के परिजनों से मिले और उन्हें जल्द ही राज्य सरकार की ओर से चार-चार लाख रुपए मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।

Share

Leave a Reply