
मंगलध्वनि और भव्य शोभायात्रा के साथ शुरू हुआ मिथिला का महापर्व विद्यापति समारोह। Voice of Darbhanga
दरभंगा: मिथिला के आन-बान-शान का वार्षिक महोत्सव विद्यापति पर्व समारोह का आगाज बुधवार को हो गया। प्रसिद्ध शहनाई वादक बालेश्वर राम चौधरी की मंगलध्वनि के बीच मिथिला विभूति कवि विद्यापति व आचार्य सुरेन्द्र झा सुमन की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के साथ ही तीन दिवसीय महोत्सव की शुरुआत हो गई। स्थानीय एमएलएसएम कॉलेज परिसर में बने भव्य पंडाल व मंच की शोभा देखते ही बनी। अध्यक्षता एमएलएसएम कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. विद्यानाथ झा ने की। कार्यक्रम का उदघाटन ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सुरेन्द्र कुमार सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि मैथिली बिहार की एकमात्र भाषा है जो संविधान के अष्ठम अनुसूची में शामिल है। इसकी पढ़ाई सूबे के सभी विश्वविद्यालयों में होनी चाहिए। सांसद कीर्ति आजाद ने कहा कि मैथिली और मिथिलाक्षर आज की भाषा नहीं है। मिथिला देश का उल्लेख तो वाल्मिकी ने किया है। झारखंड में मैथिली दूसरी राजभाषा बन चुकी है, बिहार में इसे पहली राजभाषा का दर्जा मिलना चाहिए। समारोह में नगर विधायक संजय सरावगी, विधायक अमरनाथ गामी, विधान पार्षद डॉ. दिलीप कुमार चौधरी, पूर्व विधान पार्षद डॉ. विनोद कुमार चौधरी, पूर्व विधान पार्षद मिश्री लाल यादव, संस्कृत विवि के सीसीडीसी डॉ. श्रीपति त्रिपाठी, डॉ. शशिनाथ झा समेत कई नेता, शिक्षाविद व शहर के गणमान्य मौजूद थे।
देर रात तक सजी रही सुरों की महफिल :
कार्यक्रम के शुरुआत के साथ ही सुरों की महफिल जो सजी तो देर रात तक दर्शक उसमें गोते लगाते रहे। मिथिला के एक से बढ़कर एक दिग्गज कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से मिथिला की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को मानों मंच पर ही जीवंत कर दिया। पंडित कमलाकान्त झा व मोहन महान के संचालन में बालेश्वर राम चौधरी, केदार कुमर, डॉ. ममता ठाकुर, अनुपमा मिश्र, डॉ. सुषमा झा, हरिद्वार प्रसाद खंडेलवाल, राकेश किरण झा, छाया कुमार, विभा झा, नीरज कुमार झा, प्रतिभा, प्रियंका कुमारी, नीतू कुमारी, ओम प्रकाश सिंह, कृष्ण कुमार कन्हैया, सत्येंद्र कुमार, पारस पंकज, दीपक कुमार झा, रचना झा, पूनम झा, प्रभाष कुमार, रावी झा, मुस्कान मिश्रा, सुधीरा कुमारी, पवन नारायण आदि ने विद्यापति गीतों के साथ ही पारंपरिक गीत-संगीत से समां बांध दिया।
—————————————-
सुबह में निकली प्रभात फेरी :
परंपरा के अनुसार बुधवार की सुबह विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डॉ. बैद्यनाथ चौधरी बैजू के नेतृत्व में प्रभात फेरी निकाली गई। इस क्रम में आचार्य सुरेन्द्र झा सुमन, महाराज महेश्वर सिंह, महाराजा रामेश्वर सिंह, महाराजा लक्ष्मेश्वर सिंह, महाराजा कामेश्वर सिंह, स्व. ललित नारायण मिश्र, डॉ. भीमराव अंबेदकर व बाबा नागार्जुन की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया। शोभायात्रा में आमजनों के साथ ही मिथिलाक्षर साक्षरता अभियान के लोग भी शामिल हुए।
विभूतियों का किया गया सम्मान :
समारोह के पहले दिन मिथिला के कई विभूतियों को सम्मानित किया गया। मिथिला विभूति सम्मान पाने वालों में निर्मला झा, डॉ. नारायण झा, पं. अजयनाथ झा शास्त्री, जगदीश चंद्र ठाकुर अनिल, राम लोचन ठाकुर, डॉली सरकार, रामचंद्र मधुकर, अशोक चंचल, सियाराम शास्त्री समेत कई विशिष्ट लोग शामिल थे। समारोह में डॉ. गणपति मिश्र चिकित्सा सेवी सम्मान से डीएमसीएच के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. ओम प्रकाश को और इंद्रकांत झा सम्मान से साहित्यकार लक्ष्मण झा सागर को पुरस्कृत किया गया।

