
गार्ड को बंधक बना मोबाइल टावर की बैटरी ले उड़े चोर। Voice of Darbhanga

दरभंगा: सदर थाना के भालपट्टी ओपी क्षेत्र के अदलपुर गांव में मंगलवार की रात चोरों ने एक मोबाइल कंपनी के टावर के गार्ड को बंधक बनाकर टावर की बैट्री की चोरी कर ली। चोरों ने साढ़े पांच हजार रुपये भी गार्ड की जेब से निकाल लिये।
मामले को लेकर टावर के गार्ड भालपट्टी निवासी खरुण यादव ने बुधवार को थाने में आवेदन दिया है। दिये गये आवेदन में उसने बताया कि रात के एक बजे के आसपास कुछ अज्ञात व्यक्ति टावर में बैट्री खोल रहे थे। आवाज होने पर जब वह वहां पहुंचा तो चोरों ने एक कमरे में ले जाकर चादर से ढंककर हाथ-पैर बांध दिया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद चोर ने 25 पीस बैट्री, दो सौ मीटर कॉपर वायर व रुपए लेकर निकल गये। इसकी पुष्टि करते हुए ओपी प्रभारी धीरज कुमार ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है।

