Home मुख्य छात्रसंघ चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक सभी शिक्षक – कर्मियों की छुट्टी रद्द। Voice of Darbhanga
मुख्य - November 21, 2018

छात्रसंघ चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक सभी शिक्षक – कर्मियों की छुट्टी रद्द। Voice of Darbhanga

दरभंगा: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ ही छात्र संगठनों की तैयारियां गति पकड़ रही है। छात्र संघ चुनाव की अधिसूचना के अनुसार प्रथम चरण के चुनाव के लिए विवि के अंगीभूत कॉलेजों ने मतदाता सूची का प्रकाशन अपने-अपने कॉलेजों की सूचना पट्ट व वेबसाइट पर कर दिया है। इसके साथ ही कॉलेजों ने इसकी सूचना विवि प्रशासन को दे दी है। विवि के मुख्य चुनाव पदाधिकारी डॉ. चंद्रभानु प्रसाद सिंह ने बताया कि अब तक जो आंकड़े सामने आ रहे हैं, उसके अनुसार प्रथम चरण के चुनाव में दो लाख से अधिक छात्र-छात्राएं इस बार वोट डालेंगे। इसमें छात्रों की संख्या 1 लाख 18 हजार के आसपास रहने की उम्मीद है, जबकि छात्राओं की संख्या 89 हजार के आसपास रहेगी। डॉ. सिंह ने बताया कि सभी कॉलेजों से आंकड़े आ चुके हैं। बुधवार को विवि में अवकाश के कारण आंकड़ों को अंतिम रूप नहीं दिया जा सका है। गुरुवार को मतदाताओं के अंतिम आंकड़े स्पष्ट हो जाएंगे। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं के आंकड़े व कॉलेजों में काउंसिल मेंबर के सीटों की संख्या स्पष्ट हो जाएगी।

पिछले चुनाव से अधिक होंगे मतदाता :
इस बार के चुनाव में मतदाताओं की संख्या पिछले छात्र संघ चुनाव से अधिक रहेगी। पिछले छात्र संघ चुनाव में प्रथम चरण में 1 लाख 86 हजार 826 रही। इसमें अंगीभूत कॉलेजों में 1 लाख 84 हजार 517 मतदाता थे, जबकि पीजी विभागों के 2309 मतदाता शामिल थे। पिछली बार कॉलेजों के मतदाताओं में छात्रों की संख्या जहां 1 लाख 7 हजार 895 थी, वहीं छात्राओं की संख्या 76 हजार 622 रही। इस बार के चुनाव में अब तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार कुल मतदाताओं की संख्या 2 लाख 7 हजार को पार करने वाली है। मुख्य चुनाव पदाधिकारी डॉ. ¨सह के अनुसार इस बार मतदाताओं की संख्या में पिछली बार की अपेक्षा लगभग बीस हजार अधिक होने वाली है।

चुनाव तक छुट्टी नहीं ले पाएंगे शिक्षक-कर्मी :
चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने तक इसमें संलग्न निर्वाची पदाधिकारियों सहित शिक्षक व कर्मी छुट्टी नहीं ले पाएंगे। विवि के कुलसचिव कर्नल निशीथ कुमार राय ने अवकाश रद होने संबंधी अधिसूचना जारी कर दी है। इसमें स्पष्ट किया गया है कि अधिसूचना जारी होने की तिथि से चुनाव प्रक्रिया की समाप्ति तक इन सबके अवकाश रद रहेंगे।

3-4 को होना है नामांकन :
चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है। प्रथम चरण के चुनाव के लिए नामांकन 3 व 4 नवंबर को होने वाले हैं। नामांकन की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे ही छात्रों व संगठनों की तैयारी तेज होती जा रही है। छात्र संगठन विभिन्न कॉलेजों में प्रत्याशियों के नाम तय करने में जुट चुके हैं। नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी 5 को होनी है और 6 को उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी। प्रथम चरण का मतदान 11 नवंबर को और रिजल्ट 12 नवंबर को घोषित किया जाएगा। इसके बाद विवि पैनल के चुनाव के साथ ही चुनाव प्रक्रिया 19 दिसंबर को संपन्न होगी।

Share

Leave a Reply