
भाजपा नेताओं की उपस्थिति में संतों का दो टूक जवाब, पहले मंदिर फिर वोट। Voice of Darbhanga
दरभंगा। बलवीर चौधरी
शहर के दरभंगा मेडिकल कॉलेज मैदान में आज रविवार को विश्व हिंदू परिषद द्वारा आयोजित धर्मसभा में अयोध्या के राम मंदिर की मांग को लेकर जिले के विभिन्न कोने से व राज्य के कई संतो का जत्था पहुंचा। कार्यक्रम में जिले के हर कोने से विहिप व बजरंग दल से जुड़े लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। कुछ घंटों के लिए शहर की यातायात भी प्रभावित हुई। हालांकि कुछ घंटों में ट्रैफिक सामान्य हो गया।
सभी संतो के पहुंचने के बाद कार्यक्रम की शुरुआत मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच मौनी बाबा द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। जिसके बाद एक-एक कर सभी संतो ने अयोध्या के राम मंदिर निर्माण को लेकर केंद्र सरकार के रवैये पर जम कर प्रश्न किये और मंच के नीचे बैठे तमाम भाजपा नेताओं की उपस्थिति में सरकार से सवालों की बौछार कर दी। उन्होंने यह भी कहा कि संतो के आशीर्वाद से ही यह सरकार बनी है। और संतों के आशीर्वाद से ही पुनः सरकार बन पाएगी।
संतो ने भाजपा पर चुनाव जीतने के बाद रामलला को भूलने और चुनाव आते ही रामलला को याद करने पर तंज तो कसा ही साथ ही “पहले मंदिर फिर वोट”, “मंदिर नही तो वोट नही”, “अध्यादेश लाओ अथवा प्राइवेट बिल किन्तु राम मंदिर का निर्माण चुनाव से पहले शुरू करो” जैसे उद्घोष से संतों ने केंद्र सरकार को चेतावनी दी कि हम उसी का राजतिलक करेंगे जो हमारा कार्य करेगा।
पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशासन द्वारा पूरी चौकसी बरती गई और साथ ही शहर के कई जगहों पर जवानों की तैनाती भी की गई ताकि कोई अनहोनी ना हो।


