
चोरी की दो बाइक एवं पिस्टल के साथ चार गिरफ्तार। Voice of Darbhanga
दरभंगा: अतरबेल जाले पथ के सनहपुर बाजार से 22 नवंबर की रात चोरी गई बाइक को बरामद कर सिंहवाड़ा थाने की पुलिस ने मामले का उदभेदन कर लिया है। कांड में पिस्टल के साथ चार बदमाश दबोचे गए हैं। चोरी की दो बाइक एवं तीन मोबाइल बरामद किया गया है। छठ घाट पर अवैध पिस्टल से फायरिंग करने का इनका फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।जानकारी के अनुसार, समस्तीपुर स्थित कल्याणपुर थाना क्षेत्र के फुलहारा निवासी अरुण कुमार अपनी होंडा साइन बाइक से सनहपुर में ससुराल आए थे। 22 नवंबर की रात दरवाजा से बाइक गायब देख खोजबीन की। इस क्रम में घर के बगल में सुनसान जगह पर एक बजाज डिस्कवर बाइक को देख कर ग्रामीणों को घटना से अवगत कराया। पीड़ित व्यक्ति ने स्थानीय पुलिस को सूचित कर बाइक की निगरानी की। इस बीच डिस्कवर बाइक लेने के पहुंचे युवक को पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से दबोच लिया। तहकीकात की तो वह कमतौल थानाक्षेत्र के ब्रह्मपुर का रहने वाला ऋषिकेष भारद्वाज उर्फ रवि निकला। उसने बताया कि होंडा साइन चोरी कर बहादुरपुर थाने के भैरोपट्टी के मो. शाहरुख से आठ हजार रुपये में बेच दिया है। उसकी निशानदेही पर सिंहवाड़ा एवं कमतौल थाना की पुलिस ने छापेमारी कर शाहरुख को पिस्टल के साथ गिरफ्तार क्रिया। फिर घनश्यामपुर थाना के रासियारी घाट पुल के पास से चोरी की होंडा साइन बाइक को बरामद कर लिया। शाहरुख के पास से एक पिस्टल भी बरामद हुई है। शाहरूख ने बताया कि छठ पर्व की रात ब्रह्मपुर में घाट पर ऋषिकेश उर्फ रवि ने अपने दोस्त शिशिर कुमार भारद्वाज उर्फ सुमन व सुधाकर कुमार के साथ अतिशबाजी के क्रम में हवाई फायरिंग की थी। फायरिंग की तस्वीर सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद सुधाकर ने पिस्टल को शाहरुख के हवाले कर दिया था। घटना के उदभेदन में जुटी पुलिस ने शिशिर व सुधाकर को भी गिरफ्तार कर लिया है।


