
बेकाबू बस ने तीन को कुचला, एक की मौत, दो घायल। Voice of Darbhanga

28.11.2018
दरभंगा: बेनीपुर-दरभंगा एसएच पर सोनकी ओपी क्षेत्र के देकुली चट्टी में बुधवार की दोपहर तेज रफ्तार बस ने बाइक पर सवार दो लोगों को रौंदते हुए एक राहगीर को भी चपेट में ले लिया। बस की चपेट में आने से तीनों बुरी तरह जख्मी हो गए। इसमें एक की मौत हो गई।
घटना से आक्रोशित लोगों ने बस के चालक को खदेड़ कर दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। लोगों की पिटाई से बस चालक भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। सोनकी ओपी पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए डीएमसीएच पहुंचाया। इनमें से एक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। तीन अन्य का इलाज चल रहा है। उनलोगों की स्थिति गंभीर बतायी जाती है।
मृतक की पहचान बहेड़ी थाना क्षेत्र के बेलगांव निवासी राम बहादुर मुखिया (65)के रूप में की गई है। जबकि जख्मी समस्तीपुर जिला के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बलभद्रपुर खजुरी निवासी राम किशोर ठाकुर के पुत्र राजा ठाकुर, लहेरियासराय थाना क्षेत्र के खाजासराय निवासी यदुनंदन ठाकुर के पुत्र जितेन्द्र ठाकुर व घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के तुलसीपुर निवासी सुखदेव पन्नालाल के पुत्र श्याम बातर बताए जाते हैं। इनमें से राजा ठाकुर व जितेन्द्र ठाकुर एक दवा कम्पनी के विक्रय प्रतिनिधि हैं, जबकि श्याम बातर बस का चालक है।
लोगों ने बताया कि दरभंगा केसरी बस कुशेश्वरस्थान से चलकर दरभंगा जा रही थी। इसी दौरान देकुली चौक पर बस ने बाइक सवार राजा ठाकुर व जितेन्द्र ठाकुर को अपनी चपेट में ले लिया। उनलोगों को ठोकर मारते हुए बस ने राहगीर राम बहादुर मुखिया को कुचल दिया। हादसा होने के बाद काफी संख्या में लोग वहां जुट गए और चालक की जमकर पिटाई कर दी। बताया जाता है कि विक्रय प्रतिनिधि दरभंगा से बेनीपुर की ओर जा रहे थे। वहीं राम बहादुर मुखिया देकुली चट्टी में अपने भतीजे बिल्टू मुखिया से मिलने के बाद गांव लौट रहे थे।
सोनकी ओपी अध्यक्ष धरमपाल ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं परिजन राजा ठाकुर व जितेन्द्र ठाकुर को बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए हैं। उन्होंने बताया कि बस को जब्त कर लिया गया है। एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

