
दरभंगा जंक्शन पर मोबाइल उड़ाते धराये युवक की धुनाई कर किया आरपीएफ के हवाले। Voice of Darbhanga

28.11.2018
दरभंगा: दरभंगा जंक्शन पर बुधवार को यात्रियों का मोबाइल उड़ाते एक उचक्के को आरपीएफ ने दबोच लिया। हालांकि, इस बीच कुछ यात्रियों ने आरोपित की धुनाई कर दी। आरोपित के पास से यात्रियों के उड़ाए गए तीन मोबाइल बरामद कर लिया गया। गिरफ्त में आया मो. कमरान खान नगर थाने क्षेत्र के किलाघाट निवासी मो. अशफाक का पुत्र है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि दिल्ली जाने वाली बिहार संपर्क क्रांति ट्रेन 12565 यार्ड से निकलकर प्लेटफार्म संख्या एक पर पहुंची। इसके बाद ट्रेन में चढ़ने दौरान गेट पर अचानक भीड़ लग गई। इसका मौका उठाते हुए आरोपित भी भीड़ के अंदर प्रवेश कर गया। इस दौरान उसने कई लोगों के जेब से मोबाइल उड़ा लिया। हालांकि, दिल्ली जा रहे यात्री विशनपुर थाने क्षेत्र के रूपौली निवासी टुनटुन दास को इसका अहसास हो गया और उसने अपनी जेब को टटोलते हुए चोर-चोर कह हल्ला करने लगा। मौका देख आरोपित भीड़ से भागने की कोशिश की। तब तक आरपीएफ सब इंस्पेक्टर जवाहर लाल सहित कई जवान वहां पहुंच गए। इसी दौरान मो. कमरान को भीड़ से भागते हुए दबोच लिया गया। उसके पास से टुनटुन दास का रेडमी कंपनी का मोबाइल बरामद किया गया। इसके अलावा इंटेक्स और जी नाइन कंपनी का एक-एक मोबाइल बरामद किया गया। पूछताछ दौरान आरोपित ने कबूल किया कि उक्त दोनों मोबाइल भी दूसरे यात्रियों की है। हालांकि, ट्रेन खुलने के कारण संबंधित यात्रियों को घटना की भनक नहीं लग पाई। अवर निरीक्षक जवाहर लाल ने बताया कि आरोपित को जीआरपी के हवाले कर दिया गया है। इधर, घटना के बाद कई यात्रियों के परिजनों ने जीआरपी पहुंचकर मोबाइल चोरी होने की शिकायत की। बताया जाता है कि कमरान के साथ उसके कई साथियों ने भी मोबाइल उड़ाया है, जो हल्ला होने के कारण फरार हो गया।

