
जलमीनारों में प्राथमिकता के आधार पर करें विद्युत कनेक्शन : डीएम। Voice of Darbhanga

04.12.2018
दरभंगा: बिजली विभाग के संबंधित अभियंता को निर्देश दिया गया कि हर-घर, नल का जल योजना के तहत बने जल मीनारों में प्राथमिकता के आधार पर विद्युत कनेक्शन करें। इस योजना में अपेक्षित प्रगति न होने एवं कार्य में उदासीनता तथा समय पर मासिक प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध नहीं कराने वाले जाले, सिंहवाड़ा, बहादुरपुर, दरभंगा सदर, बहेड़ी, गौराबौराम एवं किरतपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारियों से शो कॉज करते हुए उनका एक दिन का वेतन स्थगित रखने का आदेश दिया गया। जिला पंचायती राज पदाधिकारी को निर्देश दिया कि कार्य में लापरवाही करने वाले प्रखंड विकास पदाधिकारियों पर प्रपत्र क भी गठित करें। उप विकास आयुक्त एवं जिला पंचायती राज पदाधिकारी को सात निश्चय की योजनाओं के अपेक्षित प्रगति के लिए सघन अनुश्रवण करने को कहा गया। नगर निगम के अंतर्गत चल रहे हर-घर नल का जल एवं शौचालय निर्माण अभियान पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया। बिहार राज्य जल पर्षद द्वारा संचालित पेयजल की योजनाओं को विशेष अनुश्रवण कर जल्दी पूरा कराने के लिए नगर आयुक्त को निर्देशित किया गया। जिला के अन्य नगर निकायों में भी शौचालय एवं जल की योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। कार्यपालक अभियंता पीएचईडी एवं नगर आयुक्त को आपसी समन्वय बनाकर घर-घर नल का जल कनेक्शन के काम जल्दी पूरा कर लेने को कहा गया।

