Home मुख्य श्यामा नामधुन नवाह यज्ञ की पूर्णाहुति,नामधुन गाने वाले कलाकारों को किया गया सम्मानित। Voice of Darbhanga
मुख्य - December 6, 2018

श्यामा नामधुन नवाह यज्ञ की पूर्णाहुति,नामधुन गाने वाले कलाकारों को किया गया सम्मानित। Voice of Darbhanga

06.12.2018
दरभंगा: मां श्यामा नामधून नवाह यज्ञ का गुरुवार को समापन हो गया। इसके साथ ही पिछले नौ दिनों से चल रही मां श्यामा नामधुन की स्वर लहरी पर विराम लग गया। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं व भक्तों ने अपनी मुरादों के पूरा होने की तमन्ना के साथ मां श्यामा के सामने माथा टेका। नवाह यज्ञ के अंतिम दिन श्यामा मंदिर में आस्था का जन सैलाब देखने को मिला। नवाह यज्ञ के समापन के साथ ही पूरा मंदिर मां श्यामा के जयकारों से गूंजने लगा। इसके साथ ही पिछले नौ दिनों से चल रहे दूर्गा सप्तशती पाठ का भी समापन किया गया। नवाह यज्ञ के याथ ही शुरू हुए अखंड हवन की पूर्णाहुूति दी गई। भक्तों ने पूरी श्रद्धा के साथ मां श्यामा मंदिर के साथ ही हवन कुंड की भी परिक्रमा की। पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ था। लोगों की जुबान पर बस जय श्यामा माय के बोल थे और दिल में आस्था का सैलाब। दरभंगा सहित अगल-बगल के जिलों के साथ ही दूर-दराज से आए भक्तगणों से पूरा परिसर पटा था। वैदिक मंत्रों के बीच नवाह यज्ञ का समापन दिन के 12:35 बजे किया गया। इसके बाद घंटों तक कीर्तन मंडलियों ने अपनी प्रस्तुतियों से जहां पूरे माहौल को भक्ति के रस से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर शहर के विभिन्न मंदिरों में पूजा अर्चना करने वाले 31 पुजारियों को सम्मानित किया गया। खाटू श्याम मंडली के भजनों ने उपस्थित जनसमूह को आनंदित कर दिया। सृष्टि फाउंडेशन की ओर से सुबोध दास, सत्यम झा, सपना पांडेय, श्वेता चौधरी और रूबी गुप्ता ने नव दुर्गा की भक्तिमय प्रस्तुति से भक्तों को भाव विभोर कर दिया। प्रस्तुति के दूसरे चरण में पापनाशक के रूप मे मां दुर्गा द्वारा शूंभ-निशूंभ एवं महिषासुर जैसे राक्षसों का वध दिखाते हुए सृष्टि के बच्चों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। सृष्टि ने अपनी अंतिम प्रस्तुति में देवी के नौ रूपों यथा शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायिनी, कालरात्रि, महागौरी और माँ काली को दिखाकर जनसैलाब को मंत्रमुग्ध कर दिया। नटराज डांस एकेडमी की ओर से भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। मंदिर से निकलने वाले बड़े, बूढ़ों, बच्चों व महिलाओं की जुबान पर बस यही था कि मां श्यामा की कृपा उनपर और उनके परिवार पर बनी रहे। आयोजन समिति के संयोजक प्रो. रमेश झा ने सबको धन्यवाद दिया।

Share

Leave a Reply