
प्रधानाध्यापक के तबादले से नाराज छात्रों ने किया सड़क जाम। Voice of Darbhanga

07.12.2018
दरभंगा: जिले के बेनीपुर क्षेत्र के जरिसो मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक गोविंद ठाकुर का तबादला अलीनगर प्रखंड के उतक्रमित मध्य विद्यालय धमुआरा में कर दिये जाने से आक्रोशित छात्रों व ग्रामीणों ने विद्यालय के पास बहेड़ी-बहेड़ा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इसके बाद प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आक्रोशितों ने तबादले को लेकर नाराजगी व्यक्त की। कहा कि प्रधानाध्यापक श्री ठाकुर के योगदान के बाद विद्यालय में काफी सुधार हुआ। बच्चों को मीड डे नियमित मिलने लगा और शैक्षणिक व्यवस्था में काफी सुधार हुआ । सूचना पर पहुंचे बीइओ उत्तम प्रसाद को आक्रोश का सामना करना पड़ा। कोई उनके बातों को सुनने को तैयार नहीं थे। उनके खिलाफ भी लोगों ने नाराजगी व्यक्त की। ग्रामीण सत्यनारायण झा, अभय कुमार झा मुन्ना सहित कई लोगों ने आरोप लगाया कि जिला शिक्षा कार्यालय के स्थापना शाखा के क्रमियों एंव पदाधिकारियों की मिलीभगत से अवैध रुप से मोटी रकम लेकर प्रधानाध्यापक का तबादला धमुआरा मध्य विद्यालय में कर दिया गया । जो सरासर अन्याय हैं। लगभग डेढ़ घंटे तक विद्यालय प्रांगण में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी का घेराव किए जाने के बाद छात्रों एंव ग्रामीणों ने बीइओ को एक ज्ञापन सौंपकर प्रधानाध्यापक के तबादला पर रोक लगाने की मांग की और बीइओ से जिला शिक्षा पदाधिकारी के नाम से आवेदन पर अनुशंसा कराया। इसके बाद बीइओ को विद्यालय से वापस होने दिया।

