
अपराधियों के हौसले चरम पर, एक के बाद एक पुलिस बल को चाकू मारकर किया घायल। Voice of Darbhanga
11.12.2018
दरभंगा: जिले के अपराधियों का मनोबल घटने का नाम नहीं ले रहा है। जहां एक तरफ राहगीर और आम लोग सुरक्षित नहीं थे। वहीं अब पुलिस वाले भी सुरक्षित नहीं दिख रहे हैं। ऐसा ही मामला लहेरियासराय थाना क्षेत्र के बेता ओपी के अल्लपट्टी मुहल्ले में देखने को मिली। जहां सरेआम अपराधी ने पुलिस वालों को चाकू से गोद दिया। इस संबंध में बताया जाता है कि बेता ओपी को सूचना मिली कि एक अपराधी अल्लपट्टी स्थित एटीएम के पास चोरी के बाइक के साथ खड़ा हुआ है, उसे पकड़ने के लिए बेता ओपी के मुंशी अरुण कुमार अकेले ही चल दिए। उन्होंने अपराधी को पकड़ लिया और एक टेंपो में उसे बैठाने लगे, इसी बीच अपराधी ने उन पर ताबड़-तोड़ चाइनीज चाकू से हमला कर दिया। चाकू उनके पेट, चेहरे और हाथ पर लगा। वह मूर्छित होकर गिर गाये। उन्हें स्थानीय लोगों ने डीएमसीएच में ईलाज के लिए भर्ती कराया। इस बीच अपराधी वहां से फरार हो गया। पुलिस को सूचना मिली कि अपराधी केएस कॉलेज के पास छुपा हुआ है। जब वहां पुलिस पहुंची, तो अपराधी को पहचान लिया गया। अपराधी पुलिस को देख भागने लगा। पुलिस ने उसे खदेड़ कर पकड़ने की कोशिश की इस बीच भी अपराधी उन पर चाकू से हमला करता रहा। जिसमें दो सिपाही चंदन कुमार और लहेरियासराय थाना के मुंशी उत्तम कुमार को भी चाकू लगी और वह घायल हो गए। पुलिस ने अपराधी को पकड़ लिया उसकी पहचान अल्लपट्टी मुहल्ले के मो. हैदर के पुत्र मो. अजहर के रूप में हुई है। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले ही हैदर का एक फल के दुकानदार से विवाद हुआ था। उसका मुकदमा थाने में चल रहा है। इधर अपराधी ने बताया कि वह नशे की हालत में था और उसे मुहल्ले के ही एक मामा कहलाए जाने वाले व्यक्ति द्वारा नशे की दवा दी गई थी। सदर डीएसपी अनोज कुमार ने बताया कि हमलावर की गिरफ्तारी कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


