
अंग्रेजों की दलाली करने वाले बाँट रहे हैं राष्ट्रवाद का प्रमाण पत्र: सिद्दीकी। Voice of Darbhanga

12.12.2018
दरभंगा: दरभंगा। विधानसभा में लोक लेखा समिति के अध्यक्ष पूर्व वित्तमंत्री अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा है कि आज देश में स्पष्ट रूप से दो विचारधारा चल रही है। इसमें एक विचारधारा को मानने वाले वह लोग हैं जिन्होंने देश की स्वतंत्रता की लड़ाई में अपने परिजनों की शहादत दी। दूसरी विचारधारा उन लोगों की है जिन्होंने अंग्रेजों की दलाली की और आज वही लोग राष्ट्रवाद का प्रमाण पत्र बांट रहे हैं। आगामी लोकसभा चुनाव में ऐसे लोगों का पत्ता साफ हो जाना अब लगभग निश्चित हो गया है। बुधवार को हराही स्थित बहुद्देशीय भवन में राजद के शहरी विधानसभा क्षेत्र बीएलए एवं बूथ कमेटी के सदस्यों को संबोधित करते हुए उक्त बातें कहीं। पूर्व केंद्रीय मंत्री मो. अली अशरफ फातमी ने कहा कि बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति तुरंत कर दें। बूथ कमेटियां का गठन करने में तत्परता बरतें। बिना बूथ कमेटियों के किसी की जीत निर्धारित नहीं की जा सकती। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रामनरेश यादव ने की। संचालन महानगर अध्यक्ष वरुण महतो ने किया। विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल के सचेतक विधायक ललित कुमार यादव ने कहा कि हम लोग एक रहेंगे तो हमें जीत से कोई वंचित नहीं कर सकता।
विधायक डॉ. फराज फातमी ने कहा कि आज लालू यादव गरीबों की लड़ाई लड़ने के कारण जेल में पड़े हुए हैं। सम्मेलन को पूर्व महापौर ओमप्रकाश खेड़िया, गोपाल मंडल, प्रदेश व्यवसायिक प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष बद्री पूर्वे, सुनीति रंजन दास, गुलाम हुसैन चीना, पूर्व उपमहापौर बदरे आलम बदर, मुमताज आलम, महानगर युवा राजद अध्यक्ष राकेश नायक, जिला महिला अध्यक्ष किरण झा, कमरे आलम कमर, प्रकाश कुमार ज्योति, विष्णुचंद पप्पू, उमेश राय, निजामुद्दीन कुरैशी, छोटन कुरैशी, विनोद यादव, डॉ मुकेश निराला, रमाशकर सहनी, शंकर यादव, मनोज भारती आदि ने भी संबोधित किया।

