
संदिग्ध अवस्था में महिला की मौत, पुलिस जांच में जुटी।

दरभंगा: विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के धर्मपुर मोहल्ले में शनिवार को एक महिला की संदिग्ध मौत हो गई। मृतका की पहचान अजय कुमार दास उर्फ भूसा की पत्नी गौरी देवी(20)के रूप में की गई है। मृतका के पिता उसके ससुराल वालों पर देहज की खातिर उनकी बेटी की हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने धर्मपुर पहुंचकर महिला के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्ट मॉर्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है।
मृतका के पिता के बयान पर एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। बताया जाता है कि महिला के शव पर चोट का कोई निशान नहीं पाया गया है। उसकी मौत की खबर सुनकर वहां लोगों की काफी भीड़ जुट गई थी।बताया जाता है कि गौरी देवी की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी।
दोपहर करीब तीन बजे उसके पिता रोते हुए अचानक सदर थाना पहुंच गए थे।
वे मृतका के ससुराल वालों पर उसकी हत्या करने का आरोप लगा रहे थे। उनके साथ पुलिस गौरी के ससुर रामचन्द्र दास के घर पर पहुंची। हालांकि वह इलाका विश्वविद्यालय थाना के अंतर्गत पड़ने की वजह से वहां की पुलिस को मामले की सूचना दी गई। इसके बाद विश्वविद्यालय थाना की पुलिस ने वहां पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू की। बताया जाता है कि मृतका के भैसुर व उसकी पत्नी घर से फरार हैं। वहीं उसका पति बगल के मंदिर के पास रोता-बिलखता पाया गया। विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष जितेन्द्र नारायण सिंह ने बताया कि मामले की तहकीकात की जा रही है। महिला के शव को पोस्ट मॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के परिजन एफआईआर दर्ज करा रहे हैं।

