
महिलाओं के उत्थान के बिना देश आगे नही बढ़ सकता: एसएसपी।

दरभंगा: गुरुवार को लहेरियासराय स्थित महिला थाना परिसर में महिला विशेष प्रकोष्ठ के द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि एसएसपी बाबूराम के साथ सदर एसडीपीओ अनोज कुमार, महिला थानाध्यक्ष सीमा कुमारी, मानवाधिकार कार्यकर्ता सुरेंद्र भगत, मनोहर झा, महिला विशेष प्रकोष्ठ के समन्वयक सुनील कुमार, महिला हेल्पलाइन की अजमतुन निशा, चाइल्ड लाइन की आराधना कुमारी आदि ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की।
इस अवसर पर अपने संबोधन में एसएसपी बाबूराम ने महिलाओं को परिवार और समाज में पूर्ण अधिकार मिलने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पौराणिक विचार से लोगों को उपर उठना होगा। महिलाओं के उत्थान के बिना मेरा देश आगे नहीं बढ़ सकता है। आत्मनिर्भर बनने के लिए महिलाओं को भी जागरूक होना होगा। उन्होंने कहा कि पीड़ित महिलाओं के मामले में पुलिस त्वरित कार्रवाई कर रही है। इसलिए किसी भी तरह की परेशानी हो तो महिला थाना अथवा महिला हेल्पलाइन में पहुंचकर अपनी समस्या को जरूर रखें। महिलाओं से कहा कि डरने की जरूरत नहीं है। आपके सहयोग के लिए पुलिस खड़ी है।
महिला विशेष प्रकोष्ठ के समन्वयक सुनील कुमार ने कहा कि महिलाओं के उत्थान के बिना समाज का उत्थान संभव नहीं है। बेहतर समाज के लिए महिलाओं को जागरूक होना जरूरी है। महिला थानाध्यक्ष सीमा कुमारी ने कहा कि कुछ महिलाएं घरेलू हिसा के कारण प्रताड़ित होती आ रही है। ऐसी पीड़ित महिलाएं बिना डर-भय के शिकायत दर्ज कराएं। उनके समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। संगोष्ठी को मारवाड़ी महिला समाज के प्रांतीय अध्यक्ष नीलम पंसारी, पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. लता खेतान, आराधना कुमारी, मधु सरावगी, प्रीति अग्रवाल, मधु चौधरी आदि ने प्रताड़ना के बाद आत्मनिर्भर बनी महिलाओं को प्रोत्साहित किया। कहा कि बेहतर समाज और बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए घर की गृहणी को शिक्षित होना जरूरी है। इससे पूर्व संगठन की ओर से एसएसपी राम सहित उपस्थिति महिलाओं को पर्यावरण सुरक्षा के लिए उपहार स्वरूप में पौधा दिया गया। संचालन शोभा शुक्ला ने किया।

