
तालाबों के अतिक्रमण पर डीएम सख्त, गुरुवार को दुबारा हटाया जाएगा हराही पोखर से अतिक्रमण।
दरभंगा: तालाबो के किनारे के अतिक्रमण को हर हाल में खाली कराया जाएगा। एक एक अतिक्रमण को खोज-खोज कर हटाया जायेगा। इसमें कहीं कोई नरमी नही बरती जाएगी और अंचलाधिकारी को सख्ती से कारवाई का निर्देश दिया गया है।
दरभंगा के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित अंचलाधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में उक्त निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि तालाबों से अतिक्रमण हटाने की कारवाई में सख्त रूख अपनाया जायेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि गुरूवार को दरभंगा के ऐतिहासिक हरारी तालाब पर अतिक्रमण हटाने का काम दोबारा से होगा और अतिक्रमण हटाने में जो व्यय आयेगा उसे अतिक्रमणकारियों से वसूली जायेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि खोज-खोज कर हर जगहों से अतिक्रमण हटाया जायेगा। अंचलाधिकारियों द्वारा अतिक्रमणकारियों की पहचान कर ली गयी है और उनके खिलाफ अतिक्रमणवाद भी चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी ने सभी एसडीओ और सीओ को इस अभियान में तेजी लाने का निर्देश दिया है और किये गये कार्य की नियमित जानकारी जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराने का आदेश दिया है। जिलाधिकारी ने दाखिल-खारिज के पेंडिंग वादों का निस्तारण एवं आॅन लाईन लगान की वसूली में तेजी लाने को कहा। साथ ही सांसद व विधायक निधि की योजनाओं का तुरंत एनओसी जिला योजना शाखा में जमा करने को कहा।

