Home Featured हमारे जीवन का नियमित हिस्सा होना चाहिए स्वच्छता: डॉ0 मुश्ताक।
Featured - मुख्य - December 5, 2019

हमारे जीवन का नियमित हिस्सा होना चाहिए स्वच्छता: डॉ0 मुश्ताक।

दरभंगा: स्वच्छता हमारे जीवन का नियमित हिस्सा होना चाहिए। महात्मा गांधी को स्वच्छता अति प्रिय थी। वे खुद स्वच्छता को अपने जीवन में अपनाकर दूसरों को भी उसकी सीख देते थे। उनकी 150वीं जयंती के अवसर पर देश भर में चलाया जा रहा स्वच्छता अभियान प्रशंसनीय है।नवनियुक्त एनसीसी पदाधिकारी डॉ. शैलेंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में एनसीसी का स्वच्छता पखवाड़ा प्रेरक एवं समाजोपयोगी है। उक्त बातें सीएम कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. मुश्ताक अहमद ने महाविद्यालय के एनसीसी इकाई के तत्वावधान में चार से 19 दिसंबर के बीच चल रहे स्वच्छता पखवाड़ा में एनसीसी कैडेट को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि जैसे हम अपने घर व शरीर की सफाई करते हैं, वैसे ही सभी सार्वजनिक स्थलों की भी नियमित सफाई करनी चाहिए। इस अभियान में आम लोग जुड़कर स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज का निर्माण कर सकेंगे। संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. आरएन चौरसिया ने कहा कि स्वच्छता हमारी परंपरा रही है। सभी शुभ कार्यों एवं पर्व-त्योहारों के अवसर पर हम स्वच्छता को अपनाते हैं। यह हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। स्वच्छता में भगवान का वास माना जाता है। स्वच्छता और स्वास्थ्य में सीधा संबंध है। हम जितना स्वच्छ वातावरण में रहेंगे, उतना ही हमारा तन व मन स्वस्थ रहेगा। नवनियुक्त प्राध्यापक डॉ. आलोक रंजन ने कहा कि स्वच्छता के बिना हमारा सर्वांगीण विकास संभव नहीं है। यद्यपि सरकार स्वच्छता के प्रति गंभीर है, फिर भी इस अभियान में पूरे समाज का योगदान परम आवश्यक है। राजनीति विज्ञान के प्राध्यापक डॉ. सुधांशु कुमार ने कहा कि गंदगी अनेक तरह के मच्छरों, कीटाणुओं व विषाणु की उत्पत्ति का कारण है, जो हमें बीमार बनाते हैं। स्वच्छता से मन प्रसन्न व तन स्वस्थ रहता है, जिससे हमारी कार्यक्षमता भी बढ़ती है। एनसीसी एवं एनएसएस के छात्रों की ज्यादा जिम्मेदारी है कि वे समाज में भी स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करें। नवनियुक्त एनसीसी पदाधिकारी डॉ. शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि एनसीसी के इस स्वच्छता पखवारा के अंतर्गत विभिन्न तिथियों में अलग-अलग कार्यक्रम यथा- जागरूकता रैली, वाद-विवाद, भाषण प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छता श्रमदान, हस्त-प्रक्षालन, पार्क स्वच्छता, जागरूकता सेमिनार, दीवार लेखन, पेंटिग, निबंध लेखन व स्वच्छता पर व्याख्यान आदि आयोजित किए जाएंगे। गुरुवार को एनसीसी कैडेटों ने महाविद्यालय परिसर की साफ-सफाई की और मैं अपने शहर की स्वच्छता के लिए क्या कर सकता हूं विषय पर विचार-विमर्श किया। इनमें मुख्य रूप से सार्जेट साजन कुमार पासवान, सीनियर कैडेट प्रिस कुमार, मनीष कुमार, मधु कुमारी, कोमल कुमारी, जयकेश कुमार, बलराम मिश्र, कुमार विक्रम, मो. आलीशान, अनुष्का भारती, प्रज्ञा कश्यप आदि ने भाग लिया। अभियान का नेतृत्व एवं धन्यवाद ज्ञापन एनसीसी पदाधिकारी डॉ.शैलेंद्र श्रीवास्तव ने किया।

Share

Leave a Reply