Home Featured हर हाल में मार्च से शुरू हो जाएगा दरभंगा से हवाई परिचालन: गोपालजी ठाकुर।
Featured - मुख्य - December 6, 2019

हर हाल में मार्च से शुरू हो जाएगा दरभंगा से हवाई परिचालन: गोपालजी ठाकुर।

दरभंगा: शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से एकबार पुनः सांसद गोपालजी ठाकुर ने दरभंगावसियों को अगले वर्ष मार्च से उड़ान शुरू होने को लेकर आश्वस्त किया है।
मीडिया प्रतिनिधि द्वारा मीडिया को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर ने शुक्रवार को दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात कर उन्हें दरभंगा में विद्यापति एयरपोर्ट से नागरिक विमान परिचालन आरंभ होने में हो रहे विलम्ब से अवगत कराया तथा उनसे आग्रह किया कि मार्च महीने से हवाई सेवा आरंभ हो सके, ताकि जल्द से जल्द प्रधानमंत्री के महत्वाकांक्षी उड़ान योजना का लाभ संपूर्ण मिथला वासियों को मिल सके।
सांसद श्री ठाकुर ने माननीय केंद्रीय मंत्री से ज्ञापन के माध्यम से कहा कि संवेदको के लेटलतीफी और लापरवाही के कारण यहां से हवाई सेवा प्रारंभ होने में अनिश्चितता बनी हुई है। इस विषय पर ध्यान आकृष्ट कराते हुए माननीय सांसद ने चल रहे कार्यों को गति प्रदान कर अविलंब हवाई सेवा प्रारंभ करने के दिशा में कदम उठाने की मांग की।
प्रेस विज्ञप्ति में दावा किया गया है कि सांसद ने अपने विधायक काल से ही दरभंगा में हवाई सेवा प्रारंभ करने के लिए सदन में आवाज उठाते आयें हैं और इसी वर्ष लोकसभा के पहले सत्र में भी श्री ठाकुर ने सदन में दरभंगा में हवाई सेवा अविलंब आरंभ होने की मांग को मजबूती से रखा था। इसके बाद केन्द्र सरकार की तरफ से इसके लिए राशि भी आवंटित की गई थी। इसी वर्ष 18 अक्टूबर को श्री ठाकुर विद्यापति एयरपोर्ट पर चल रहे कार्यों का जायजा लेने भी पहुंचे थे जहां नागरिक उड्डयन मंत्रालय के डीजीएम ने दिसंबर महीने तक कार्य पूरा हो जाने का आश्वासन दिया था। परंतु कार्य की प्रगति पर सांसद ने असंतोष जताते हुए मंत्री से इस पर संज्ञान लेकर अविलंब हवाई सेवा आरंभ करने की बात कही।
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि
केंद्रीय मंत्री श्री पुरी ने दरभंगा के सांसद की बात पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों से बात करने के पश्चात उन्हें पूरी तरह आश्वस्त किया कि किसी भी हाल में मार्च तक दरभंगा से हवाई सेवा आरंभ हो जाएगी और दरभंगा सहित संपूर्ण मिथिला के लोग विद्यापति एयरपोर्ट से हवाई सेवा का लाभ ले सकेंगे।

Share

Leave a Reply