Home Featured सर्टिफिकेट पाकर खिल उठे महिलाओं के चेहरे।
Featured - मुख्य - December 24, 2019

सर्टिफिकेट पाकर खिल उठे महिलाओं के चेहरे।

दरभंगा: सोमवार (२३-१२-२०१९) का दिन उन महिलाओं के लिए खुशियां लेकर आया जो घरेलू कार्यो के साथ साथ स्वरोजगार के हुनर केलिए प्रशिक्षण भी ले रही थीं. रोमांच से उब-डुब करती घरेलू महिलाओं के लिए वो पल आ ही गया जब इनके हाथों में सर्टिफिकेट दिए गए. आनंद से वे झूम उठीं. चेहरे की दमक संदेश दे रही कि ये आत्म-विश्वास की कांति है.

ये रौनक कह रही कि कौशल विकसित कर लेना कितना सुकूनदायक होता है. बिना आपको तरसाए कह देते हैं कि ये महिलाएं सखि-बहिनपा फाउंडेशन से जुड़ी हैं और इन्होंने छह महीने तक मिहनत कर ब्यूटिशियन का कोर्स पूरा किया है.
सर्टिफिकेट पाने वाली संगीता कुमारी ने कहा कि जीवन के बेहद खास पलों में से एक है ये. जल्दी-जल्दी घर का काम-काज निपटा कर आए हैं. उन्होंने कहा कि अपने पैरों पर खड़ी होने या गृहस्थी में आर्थिक मदद कर सकने लायक कौशल विकसित हो गई है. फाउंडेशन का शुक्रिया कि बिना शुल्क लिए कोर्स करवाया.
सर्टिफिकेट प्रदान करने के मौके पर बिहार के बाहर से फाउंडेशन की वरीय सदस्य आई थीं. वाराणसी से वाणी भारद्वाज जबकि दिल्ली से रूबी झा ने कोर्स करने वाली प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया. संस्था की संरक्षक वाणी भारद्वाज ने कहा कि फाउंडेशन का मकसद मिथिला की समस्त महिलाओं को एक प्लेटफार्म देना है.
उन्होंने कहा कि इससे नारी शक्ति में अपनी अहमियत का अहसास होगा. उद्देश्य महज मिलना-जुलना नहीं बल्कि उन्हें किसी कौशल में दीक्षीत करना है ताकि वे अपने परिवार और समाज को आगे बढ़कर योगदान देने लायक बन सकें. वाणी ने कहा कि अभी तेरह महिलाओं को सर्टिफिकेट दिए गए हैं. जनवरी से नए बैच में अधिक महिलाओं को शामिल करेंगे.
लहेरियासराय थाना के सामने के आवासीय कॅालोनी में चल रहे फाउंडेशन के सेंटर की संचालिका साधना झा ने बताया कि अगले बैच से मिथिला पेंटिंग का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा. इसका प्रशिक्षण आस्था झा देंगी. अभी तक तो कोर्स के प्रशिक्षण के लिए जरूरी किट्स आपसी सहयोग से उपलब्ध हुआ है लेकिन अगले बैच से फाउंडेशन इसे उपलब्ध कराएगा.
सर्टिफिकेट पाने वालों में कंचन कुमारी, राधा कुमारी, बेबी मिश्र, बेबी कुमारी, रूबी, तनिषा श्रीवास्तव और अन्य शामिल हैं.

रिपोर्ट साभार: संजय मिश्र

Share

Leave a Reply