
15 दिनों से जारी आंदोलन सकारात्मक वार्ता के बाद समाप्त
दरभंगा। सकरी-बिरौल रेल खंड के नवादा गांव के पास श्रमदान से निर्मित हॉल्ट पर ट्रेन रोकने की मांग को लेकर जगदंबा हॉल्ट निर्माण संघर्ष समिति व एक दर्जन से अधिक गांवों के लोगों की ओर से 15 दिनों से किया जा रहा आंदोलन मंगलवार को रेलवे प्रशासन व स्थानीय पदाधिकारी से वार्ता के बाद समाप्त हो गया। मंगलवार को रेलवे विभाग के वाणिज्य निरीक्षक संजीव रमण व बेनीपुर के सीओ पंकज कुमार झा ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर संघर्ष समिति के सदस्यों व ग्रामीणों से लगातार तीन घंटे तक बातचीत की। संघर्ष समिति के अध्यक्ष कृष्णानंद झा दादा का वार्ता के दौरान कहना था कि पूर्व में भी उक्त मांगों को लेकर संघर्ष समिति के सदस्यों की ओर से आंदोलन किए जाने के दौरान रेलवे प्रशासन इस हॉल्ट पर अविलंब रेल रोकने का आश्वासन दिया था। लेकिन, उस आश्वासन का भी छह माह बीत जाने के बाद जब हॉल्ट पर रेल नहीं रुकी है, तब संघर्ष समिति के सदस्य और ग्रामीण पिछले सात जनवरी से हॉल्ट के समीप अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरु कर जबरन तीन से चार मिनट रेल को रोकने लगे। अध्यक्ष व सचिव का कहना था कि रेलवे अधिकारी की बातों पर से जनता का विश्वास उठ चुका है। वहीं, वाणिज्य निरीक्षक का कहना था कि आप लोग आंदोलन स्थगित करें। रेलवे बोर्ड से हरी झंडी मिलते ही हॉल्ट पर रेल रुकने लगेगी। लगभग तीन घंटे तक चली वार्ता के बाद अध्यक्ष ने आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की। चेतावनी दी गई कि 26 फरवरी तक इस हॉल्ट पर रेल नियमित रुप से नहीं रुकी, तो 27 फरवरी से पुन: इस हॉल्ट पर रेलवे विभाग के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा। संघर्ष समिति के अध्यक्ष व सचिव ने इस संबध में वाणिज्य निरीक्षक व सींओ को एक ज्ञापन सौंपा।

