
सरस्वती पूजा में डीजे बजाने पर प्रतिबंध।
दरभंगा। सरस्वती पूजा के अवसर पर डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसे लेकर एसएसपी बाबू राम ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ उन्होंने प्राथमिकी दर्ज कर डीजे को जब्त करने और दोषियों को गिरफ्तार करने का आदेश दिया है। समय रहते क्षेत्र के सभी डीजे संचालकों से नियम का पालन करने के लिए बाउंड भरवाने का निर्देश दिया है। साथ ही पूजा समितियों को लाइसेंस लेने को कहा है। लाइसेंस नहीं रहने पर कोई पूजा समिति जुलूस नहीं निकाल सकते हैं। लाइसेंस के लिए पूजा समिति के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों का नाम, फोटो और मोबाइल नंबर लेने को कहा है। ताकि, सभी की पहचान हो और जरूरत पड़ने पर उससे से संपर्क किया जा सके। लाइसेंस में विसर्जन की तिथि और जुलूस रूट का उल्लेख अनिवार्य रूप से करने को कहा है। एसएसपी राम ने शांति पूर्वक पूजा संपन्न कराने के लिए सभी थानाध्यक्षों को गांव-गांव में शांति समिति की बैठक करने को कहा है। साथ ही असामाजिक तत्वों पर निरोधोत्मक करवाई करने, बाउंड भरवाने का निर्देश दिया है। एसएसपी ने कहा कि जुलूस निर्धारित रूट से ही गुजरना चाहिए। अन्यथा नियम के विरूद्ध चलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पूजा को लेकर कोई जबरन चंदा वसूली करते पकड़े गए तो उनके खिलाफ उन्होंने कठोर कार्रवाई करने को कहा है।

