
समाज में शांति कायम रखना सबका दायित्व।
दरभंगा। समाज में शांति और भाईचारे को बनाए रखने का कर्तव्य समाज के सभी लोगों का है। असामाजिक तत्वों द्वारा फैलाए जाने वाले अफवाहों पर यकीन करने के बदले सही जानकारी पता करें और लोगों को इससे अवगत करावें। उक्त बातें पैनल अधिवक्ता गजनफर अली खान ने सामुदायिक भवन मायापुर में कानूनी जागरूकता शिविर की अध्यक्षता करते हुए कही। कहा कि गरीबों को निशुल्क विधिक सहायता पाने का अधिकार है। इसके लिए विधिक सेवा प्राधिकार सभी पंचायतों में शिविर लगाकर लोगों को इसकी जानकारी देते हैं। प्राधिकार सहायक कुमार गौरव ने कहा कि मुफ्त कानूनी सलाह, मुकदमों की पैरवी करने के लिए निशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराना, सिविल वादों के न्यायालय शुल्क की माफी जैसे कई सेवाएं लोगों को उपलब्ध कराई जा रही है। कहा कि दिनांक आठ फरवरी को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन न्यायालय परिसर में किया जाएगा, जिसमें सुलहनामा के आधार पर मुकदमों का निपटारा होगा। मौके पर पीएलवी रंजीत कुमार देव, जहाना खातुन, कौशला देवी, सदरे आलम, श्यामसुंदर महतो, सावित्री देवी, मुख्तार, शत्रुघ्न झा, जटाशंकर चौधरी, सुनीता देवी आदि मौजूद थे।

