
बाल विवाह व बाल मजदूरी रोकने के लिए दिए टिप्स।
समाज के हर वर्ग के साथ बच्चों की आजादी और अधिकार पर भी बात लाजिमी है। बाल संरक्षण आयोग और सरकार ने इस दिशा में सराहनीय प्रयास किए हैं। सुरक्षा के अलावा उनके पढ़ने-लिखने, खेलने, खुश रहने, खुली हवा में सांस लेने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लक्ष्य और अधिकारों का हमें ख्याल रखना है। किशोर न्याय अधिनियम तथा बाल संरक्षण अधिनियम के समुचित पालन किये जाने हेतु कमतौल थाने में पुलिस प्रशासन के सबसे निचले अंग के चौकीदारों और दफादारों को ये बातें समझाने के दौरान सब चाइल्ड लाइन सिंहवाड़ा के प्रखंड समन्वयक मनोहर कुमार झा ने कही। उन्होंने बाल विवाह, बाल मजदूरी को रोके जाने के लिए कई टिप्स दिये। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर उसके समाधान हेतु चाइल्ड लाइन हमेशा तत्पर है। इसके लिए चाइल्डलाइन के टॉल फ्री नंबर 1098 पर सूचित करें। मौके पर चाइल्डलाइन के राधेश्याम ठाकुर, सुनील पासवान, मनीष कुमार व कमतौल थाना के पुअनि राजमंगल राम मौजूद थे।

