
नेपाली शराब के साथ दो गिरफ्तार।
मनीगाछी: नेहरा सहायक थाना पुलिस ने समकालीन अभियान के तहत गत 8 फरवरी की देर शाम नेहरा लक्ष्मी टोल पर छापेमारी कर आम के बगीचा से 16 बोरा में बंद 14 सौ बोतल नेपाली शराब बरामद किया है। एसडीपीओ बेनीपुर उमेश्वर चौधरी द्वारा गठित टीम ने शाम से रात भर नेहरा ओपी के एसआई सुशील कुमार के नेतृत्व में छापेमारी किया। जिसमें उत्पाद विभाग की टीम भी शामिल थी। ओपी अध्यक्ष मनोज कुमार शर्मा के अनुसार नेहरा पंचायत के लक्ष्मीपुर टोला निवासी प्रेम सहनी एवं गौड़ी सहनी द्वारा शराब के व्यापक स्तर पर किए जा रहे कारोबार की गुप्त सूचना मिलने पर एसडीपीओ बेनीपुर उमेश्वर चौधरी ने टीम गठित कर लक्ष्मी टोल पर छापेमारी करबायी। पुलिस ने सबसे पहले गौड़ी सहनी के घर छापेमारी की । लेकिन वहाँ कुछ बरामद नहीं हुआ। उसके बाद आगे आम के बगीचा में तलाशी के दौरान लकड़ी से ढ़के एक गड्ढे से 16 बोरा में रखे 14 सौ बोतल तीन सौ एम एल के नेपाली देशी शराब बाबाश्री बरामद किया। साथ ही संदेह के आधार पर एक महिला को गिरफ्तार किया। जिसने पूछताछ में अपने पति का नाम प्रेम सहनी बताया। पुलिस बल के जवानों ने प्रेम सहनी के हाजिर होने पर टीम के सदस्यों ने उसकी पत्नी को हिरासत से मुक्त कर दिया और उससे गहन पूछताछ की। प्रेम सहनी ने पूछताछ में उचित सहनी को थौक कारोबारी बताया। उसके यहां की गई छापेमारी में इससे संबंधित कोई भी साक्ष्य पुलिस को नहीं मिला है। वैसे प्रेम सहनी द्वारा उचित सहनी का नाम कारोबारी के रूप लिए जाने पर पुलिस उसे भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत मेंं भेजने की तैयारी में है। इस संबंध में मनीगाछी थाना में कांड संख्या 35/2020 दिनांक 8 फरवरी 2020 दर्ज की गई है। स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रेम सहनी एवं उचित सहनी के बीच आंतरिक मतांतर चल रहा है। प्रेम सहनी नेहरा पंचायत के वार्ड 8 के निर्वाचित वार्ड सदस्य भी हैं। इधर स्थानीय लोगों का कहना है कि स्थानीय विद्वेष के कारण एक साजिश के तहत उचित सहनी को प्रेम सहनी ने कारोबारी के रूप में पुलिस को बयान देकर उसे फंसाने की घटना को अंजाम दिया है। स्थानीय पुलिस भी अप्रत्यक्ष रूप से इस बात को स्वीकार करती है। वैसे प्रेम सहनी के दिए बयान पर उचित सहनी को न्यायिक हिरासत में भेजना पुलिस की मजबूरी है। यहां यह भी ज्ञातव्य है कि मछली एवं मखाना का काम कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले उचित सहनी की बेटी की शादी आगामी मार्च माह में होने वाली है। और छेका का काम 10 फरवरी को निर्धारित है।

