
बाइक सवार अपराधियों ने गल्ला व्यवसायी और उसके स्टाफ को मारी गोली।
देखिये वीडियो भी।
देखिए वीडियो भी 👆
दरभंगा: जाले-घोघराहा एसएच पर खेसर रेलवे गुमती और घोघराहा चौक के बीच शुक्रवार की शाम लगभग पौने सात बजे एक बाइक पर सवार तीन सशस्त्र बदमाशों ने जाले के गल्ला व्यवसायी मो. नुरैन और उनके स्टाफ गौड़ी कुमार को गोली मार दी। व्यवसायी को बांह और सीने के पास दो गोलियां लगी हैं, जबकि उसके स्टाफ की पीठ में एक गोली लगी है। दोनों को इलाज के लिए स्थानीय रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों की स्थिति गंभीर देखते हुए डॉ. नवीन कुमार के यूनिट से डीएमसीएच रेफर किया गया।
मो. नूरैन का सीतामढ़ी जिले के पुपरी बाजार समिति में गल्ले का व्यवसाय है। प्रतिदिन की भांति मो. नूरैन अपने नौकर गौड़ी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे।
घोघराहाचट्टी से खेसर रेलवे गुमती की ओर निकलने के क्रम में एक लाल रंग की नई अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उनका पीछा किया और ओवरटेक कर उनकी बाइक को रोक दिया। इसके बाद दोनों के सिर पर पिस्तौल तान दी और बाइक की डिक्की की तलाशी लेने लगे। डिक्की में कुछ नहीं मिलने के बाद बदमाशों ने दोनों को गोली मार दी और गौड़ी कुमार से एक बैग लूट ले गए। उस बैग में क्या-क्या था, इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इस मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
मो. नूरैन जाले के सेख मोहल्ला निवासी गुलाम मोहम्मद और गौड़ी जाले के बेलदार टोली निवासी सुमन महतो का पुत्र है। दोनों के परिजन उन्हें इलाज के लिए डीएमसीएच ले गए। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया है। जाले थानाध्यक्ष दिलीप कुमार पाठक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों के गिरोह के बारे में पता लगाने कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

