
शिक्षा के बिना समाज का विकास नहीं : मंत्री।
बेनीपुर: बिहार के खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मंत्री मदन सहनी ने कहा कि शिक्षा और संगठन के बगैर किसी भी समाज या समुदाय का विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि निषाद समाज की आबादी 14% है उसके लिए सरकार द्वारा 18% आरक्षण मिला हुआ है। उसके बावजूद इस समाज से आजतक एक युवक आईएएस आईपीएस ओहदे वाले पद पर नहीं पहुंच पाया जिसका मूल कारण समाज में शिक्षा का अभाव है। मंत्री श्री सहनी प्रखंड के पोहद्दी गांव में मिथिला निषाद समाज विकास संघ की ओर से आयोजित एक दिवसीय निषाद सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बच्चों के शिक्षा के प्रति संजीदगी दिखाने की अपील करते हुए कहा कि इस समाज के बच्चे स्कूली शिक्षा से वंचित हो रहे हैं। समाज के लोग रोजी रोजगार के लिए पलायन कर रहे हैं, जिसके कारण समाज का विकास नहीं हो रहा है। मंत्री ने कहा कि समाज के लोगों को गांव परिवार में रहकर रोजगार की तलाश करते हुए अपनी माली हालत सुधारने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि निषाद समाज के उत्थान के लिए सरकार द्वारा कई लाभकारी योजनाएं चलाई जा रही है। जिसमें 90% अनुदान पर निषाद समाज को सरकार व्यापार एवं वाहन के लिए राशि उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि समाज में रहकर व्यापार एवं रोजगार करने से बच्चे शिक्षित होंगे। प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक निशुल्क शिक्षा के साथ साथ पाठ्यपुस्तक, मध्यान भोजन, छात्रवृति, पोशाक, साइकिल योजना तक चला रखी है और उच्च शिक्षा के लिए समुचित प्रोत्साहन शिक्षा विभाग एवं सात निश्चय योजना की तहत आर्थिक हल युवाओं को बल जैसे कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। फिर भी हमारे बच्चों में शिक्षा का समुचित विकास नहीं हो रही है। कार्यक्रम की अध्यक्षता जगदीश सहनी ने की । इस मौके शम्भु सहनी, योगी सहनी, शिवाजी सहनी, विनोद सहनी, प्रमोद सहनी, उपेन्द्र मुखिया, त्रिवेणी मुखिया, दिनेश मुखिया आदि ने विचार व्यक्त किये।

