
कानून की जानकारी के अभाव में छोटे मुकदमों में जाते हैं लोग न्यायालय।
बेनीपुर: छोटे-छोटे मुकदमों को लेकर लोगों का न्यायालय की ओर रुख करना पंचायती राज और सामाजिक व्यवस्था की कमजोरी को दिखाता है। वहीं लचर व्यवस्था के साथ-साथ कानूनी जानकारी के अभाव में न्यायालय में छोटे-छोटे मुकदमे का बोझ बढ़ रहा है। उक्त बातें पैनल अधिवक्ता शेषनाथ दास ने जरिसो पंचायत भवन में कानूनी जागरूकता शिविर की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने शिविर में पंचायत प्रतिनिधियों के मौजूद नहीं रहने की ओर इशारा करते हुए कहा कि जब कानून की जानकारी के प्रति सरकार के नुमाइंदे इतने सक्रिय हैं, तो आम जनता इससे कितनी आश्वस्त होगी। जिससे उन्हें न्याय मिलेगा। अधिवक्ता विनोद कुमार मिश्र ने कहा कि कचहरी सचिव, न्याय मित्र, पंचगण जबतक ग्राम कचहरी में समय से उपस्थित नहीं रहेंगे, तो मामलों को न्यायालय या थाने से स्थानांतरित करना पक्षकारों के लिए परेशानी बढाएगी। प्राधिकार सहायक कुमार गौरव ने कहा कि इस जागरूकता शिविर का उद्देश्य पंचायती राज व्यवस्था को सबल बनाना भी है। सभी पंचायत प्रतिनिधियों को की सक्रिय भागीदारी से हीं यह संभव है। मौके पर पीएलवी हिंद कुमार पासवान, पुण्यानंद ठाकुर, विनोद सहनी, गंगाधर ठाकुर, चुनचुन पंडित, पलटन पंडित, मालिक यादव, ब्रह्मदेव पासवान, शिला देवी, उमा देवी, गंगा यादव, लाल कुमार सहनी आदि मौजूद थे।

