
बिना कार्यसमिति बने हुई भाजपा जिला कार्यसमिति की प्रथम बैठक, मुख्य अतिथि के रूप में पहुँचे मंगल पांडे!
दरभंगा: दरभंगा जिला भाजपा द्वारा बुधवार को हुई जिला भाजपा की बैठक को जिला कार्यसमिति की प्रथम बैठक बताया गया है। जबकि नवनियुक्त जिलाध्यक्ष जीबछ सहनी के मनोनीत होने के बाद वर्तमान जिला कार्यसमिति भंग हो चुकी है और किसी नये कार्यसमिति की घोषणा नही हुई है। सभी पदाधिकारी निवर्तमान हो चुके हैं। ऐसे में बिना कार्यसमिति के घोषणा हुए जिला कार्यसमिति की प्रथम बैठक इसे बताना अपने आप मे रहस्यमय एवं हास्यास्पद सा जरूर लगता है। ऐसे में ही आयोजित कथित जिला कार्य समिति की प्रथम बैठक की जानकारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी निवर्तमान जिला मीडिया प्रभारी अमलेश झा ने दी है।
अधिकारिक रूप से प्राप्त जानकारी के अनुसार भाजपा
जिला कार्यसमिति की प्रथम बैठक बुधवार को नवनियुक्त जिला अध्यक्ष जीवछ सहनी की अध्यक्षता में लहेरियासराय के बरहेता में हुई। मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय उपस्थित थे।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वर्तमान में मोदी सरकार ने नागरिकता संशोधन 2019 बनाकर गांधी जी को सच्ची श्रद्धांजलि दी है। गांधीवादी मान्यता का सर्वश्रेष्ठ उदाहरण मोदी की सरकार ने दिया। आज के विभाजित वैश्विक परिदृश्य में यह अनुपम उदाहरण है। कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर यह संदेश देना है कि यह कानून तोड़ने का नहीं जोड़ने का है। लेकिन विपक्ष जनता को दिग्भ्रमित कर वोट की राजनीतिक कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आज सर्वश्रेष्ठ कार्यकर्ता की श्रेणी में हैं। इसी की बदौलत भाजपा का स्थान विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में है। सांसद गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस लेनी चाहिए। सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के लिए जी-जान से जुट जाएं। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों में दरभंगा से हवाई सेवा की शुरुआत हो जाएगी। इसके अलावा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में इलाज शुरू होगा।
मधुबनी के सांसद अशोक यादव ने कहा कि देश नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास के पथ पर अग्रसर है। बैठक में नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को बधाई दी गई। प्रदेश महामंत्री सुशील चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ता प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में माह में एक बार बैठक कर जनसमस्याओं के निदान के लिए अपने सांसद एवं विधायक के समक्ष विषय रखें। नगर विधायक संजय सरावगी ने कहा कि भाजपा के विस्तार के लिए वे परिश्रम की पराकाष्ठा तक जाएंगे। ऐसा संकल्प ले यहां से जाएंगे सभी कार्यकर्ता। जाले विधायक सह प्रदेश प्रवक्ता जीवेश मिश्र ने कहा कि आने वाले चुनाव में नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और उनकी छवि वाले नेतृत्व और अमित शाह के कुशल संगठन की बड़ी भूमिका होगी। इस बार फिर बिहार में सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा। यह संकल्प लेकर यहां से जाने की जरूरत है।

