भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद, चार गिरफ्तार।
दरभंगा: जिले के मनीगाछी थाना की पुलिस के द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर गत 22 फरवरी की देर शाम से लेकर रात भर शराब कारोबारियों के विरुद्ध चलाए गए सघन छापेमारी अभियान में क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से 75 बोतल विदेशी शराब के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना पर गोपालपुर गांव निवासी दिलीप
महतो के यहां की गई छापेमारी में 375 एम एल के चार बोतल मैकड्वैल एवं 180 एम एल के 3 बोतल इम्पीरियल ब्लू कुल 7 बोतल शराब के साथ उन्हें गिरफ्तार किया गया। उनके निशानदेही पर कटमा गांव में महेश सिंह के मुर्गा फार्म पर छापामारी में 180 एम एल के 2 बोतल रॉयल स्टैग के साथ दो लोग महेश सिंह एवं बथई गांव के गिरधारी यादव को गिरफ्तार किया गया। उन दोनों से पूछताछ में शराब सप्लायर कटमा गांव निवासी धीरज
कुमार यादव का नाम सामने आने पर उसके यहां छापेमारी की गई। पुलिस को देखकर धीरज बैग में शराब लेकर भागने लगा। जिसे खदेड़कर 375 एम एल के 19 बोतल मैकड्वैल शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। उससे पूछताछ में उसकी निशानदेही पर उसके आंगन में कार्टन में रखे 180 एम एल के 47 बोतल मैकड्वैल नं 1 बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि कुल 75 बोतल शराब के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। जिसे रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने शराब कारोबारी एवं पीने वालों को शराब से दूर रहने की हिदायत देते हुए कहा कि जो इसमें संलिप्त पकड़े जाते हैं तो उनके परिवार के लोगों को भी नहीं छोड़ा जाएगा। जिस घर से शराब बरामद होगी उस घर के सभी लोगों को अभियुक्त बनाकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में एस आई रामदेव यादव के लिखित आवेदन पर कांड संख्या-54/2020 दर्ज किया गया है।

