
बेहद रोमांचक मुकाबले में वेब मीडिया ने हिन्दुस्तान को हराया, भास्कर को हरा मधुबनी सेमीफाइनल में।
देखिये वीडियो भी👆
दरभंगा: मीडिया स्पोर्ट्स क्लब के तत्वावधान में चल रहे 13वें प्रमंडलीय मीडिया कप क्रिकेट टुर्नामेंट के तीसरे दिन शनिवार को अपना दूसरा लीग मैच जीतकर मधुबनी पत्रकार एकादश ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। वहीं दूसरे लीग में पहली जीत हासिल कर वेब मीडिया की टीम ने सेमीफाइनल की दौड़ में खुद को बरकरार रखा। वेब मीडिया और हिंदुस्तान प्रेस एकादश के बीच खेला गया मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। डॉ नागेंद्र झा स्टेडियम में पहले मैच में टॉस जीतकर वेब मीडिया टीम के कप्तान अभिषेक कुमार ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। हालांकि वेब मीडिया शुरुआत कुछ खास नही रही। पर अंतिम के ओवरों में जबरदस्त
बल्लेबाजी करते हुए वेब मीडिया की टीम ने सचिन के 26, सोमू के 22 तथा वरुण 15 रनों की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में 105 रनों का स्कोर खड़ा किया। हिंदुस्तान एकादश की ओर से छोटू ने सर्वाधिक चार विकेट चटकाये। राजीव तथा सत्यजीत को दो-दो तथा प्रकाश को एक सफलता मिली। जवाब में खेलने उतरी हिंदुस्तान की टीम रोमांचक मुकाबले में 10 रनों से पराजित हो गयी। हिंदुस्तान की ओर से दहाई अंक में स्कोर करने वाले एक मात्र बल्लेबाज सत्यजीत ने 37 रनों का योगदान दिया।
वेब मीडिया की ओर से राहुल ने तीन विकेट झटके। वहीं वरुण, एम. राजा तथा घनश्याम ने एक-एक खिलाड़ियों को आउट किया। पूरी टीम 18.4 ओवर में 95 रनों पर पवेलियन लौट गयी। दूसरे लीग मैच में मधुबनी के विरुद्ध दैनिक भास्कर की टीम पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी। ओपनर दिवाकर को छोड़ कोई भी बल्लेबाज दहाई आंकड़ा को नहीं छू सके। दिवाकर ने 19 रन बनाये। पूरी टीम 17.1 ओवर में मात्र 58 रनों पर सिमट गयी। मधुबनी की ओर से आकिब ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मात्र 12 रन देकर 6 खिलाड़ियों को आउट किया। संतोष व आनंद को दो-दो सफलता मिली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मधुबनी की टीम ने सिंटू 32 व राजेश 10 रनों की बदौलत 10.5 ओवर में चार विकेट पर जीत हासिल कर ली। भास्कर की ओर से आशुतोष ने तीन था मुनींद्र ने एक विकेट लिया। बता दें कि सोमवार को इसी मैदान पर राष्ट्रीय सहारा की भिड़ंत रेस्ट आॅफ मीडिया से होगी। दोनों टीमें अपना पहला मैच जीत चुकी हैं। दूसरा लीग जीत सेमीफाइन में जगह पक्की करने के इरादे से उतरेगी।

