
मीडिया कप: राष्ट्रीय सहारा की टीम ने रेस्ट ऑफ मीडिया को पांच विकेट से हराया।
दरभंगा: प्रमंडलीय मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को डॉ नागेंद्र झा स्टेडियम में एक लीग मैच खेला गया. इसमें राष्ट्रीय सहारा की टीम ने रेस्ट ऑफ मीडिया को पांच विकेट से हरा दिया. टॉस जीतकर रेस्ट ऑफ मीडिया ने पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया. राष्ट्रीय सहारा की अनुशासित गेंदबाजी तथा चपल क्षेत्ररक्षण के कारण पूरी टीम 19.4 ओवर में 89 रन पर पवेलियन लौट गयी. इसमें अमर तथा तुफैल ने सबसे अधिक 21-21 रनों
की पारी खेली. वहीं आफताब जिलानी ने 17 तथा अनिल ने 10 रनों का योगदान दिया. सहारा की ओर से अभिनव ने तीन विकेट झटके. वहीं कुमुद रंजन व मनोज को दो-दो सफलता मिली. जवाब में उतरी सहारा की टीम ने संजीव की नाबाद 26 रनों के सहारे 16.4 ओवर में पांच विकेट पर लक्ष्य हासिलि कर लिया. इसमें अंबरीश 14 तथा मनोज 10 रन का भी अहम योगदान रहा. रेस्ट ऑफ
मीडिया की ओर से ऋषि को दो तथा तुफैल, अनिल व विश्वंभर को एक-एक विकेट मिला. मंगलवार को वेब मीडिया की भिड़ंत दैनिक भास्कर तथा हिंदुस्तान का सामना मधुबनी एकादश से होगा.

