
सघन मिशन इंद्रधनुष 2.0 के अंतिम चरण की हुई शुरुआत, 16 मार्च तक चलेगा अभियान।
दरभंगा: सघन मिशन इंद्रधनुष 2.0 अंतिम चक्र का उद्घाटन सोमवार को सदर प्रखंड अंतर्गत कबीरचक पंचायत के भेलूचक स्थित पंचायत भवन में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एके मिश्रा ने किया। इस मौके पर उन्होंने कई बच्चों को रोटावायरस एवं पोलियो की खुराक पिलाई। बच्चों के अभिभावकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि टीकाकरण के माध्यम से बच्चों की मृत्यु दर में काफी कमी आई है। बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए जन्म से लेकर पांच साल तक सात बार उनका टीकाकरण कराना आवश्यक है। इससे उन्हें12 जानलेवा बीमारीयों से बचाया जा सकता है।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि मिशन इंद्रधनुष 2.0 अभियान की सफलता के लिए पिछले काफी दिनों से तैयारी चल रही थी। जहां टीकाकरण का आच्छादन लक्ष्य से कम है वैसे
289 सत्र 11 ब्लॉक में चिन्हित किए गए हैं। चौथे चक्र के दौरान 4071 बच्चों व 592 गर्भवती को शत- प्रतिशत टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने अभिभावकों को समय पर अपने बच्चों का टीकाकरण
कराने को कहा ताकि वे गंभीर बीमारियों की चपेट में नहीं आएं।
इस मौके पर डॉ. राजेंद्र सिंह, डॉ. बसवराज, यूनिसेफ के एसएमसी शशि कान्त सिंह के अलावा ओंकार चंद्र, बीएचएम रेवती रमण, बीएमसी रेणु देवी आदि मौजूद थे। अभियान 16 मार्च तक टीकाकरण दिवस एवं छुट्टी के दिन को छोड़कर हर रोज चलाया जाएगा।

