
शहर के एक ही मकान के तीन बन्द फ्लैटों में एकसाथ लाखों की चोरी।
दरभंगा: पर्व त्योहारों में शहर में रहने लोग घरों को बंद करके अपने गांव या अन्यत्र जाते हैं तो चोरों केलिए सुनहरा मौका हाथ लगता है और इस मौके को चोर छोड़ते नही हैं। बात दरभंगा की करें तो होली को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा चौकसी के दावे भी इसतरह किए जा रहे थे, मानो जिले में पत्ता तक नही हिलेगा। पर शायद होली के दौरान दारू के पीछे पुलिस की सबसे ज्यादा लगे होने का फायदा चोरों ने उठा ही लिया। सुदूर क्षेत्रो का हाल तो छोड़िए, शहर के मध्य कोतवाली ओपी क्षेत्र के मिश्रटोला स्थित एक ही मकान के तीन फ्लैटों में चोरों ने लगभग डेढ़ लाख नगद के साथ लाखो के गहने एवं अन्य सामान उड़ा लिया। अब पुलिस फिर कानूनी कारवाई में लग गयी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस मामले में मूल रूप से सदर थानाक्षेत्र के धोई ग्राम निवासी अमरनाथ मिश्रा के पुत्र पीड़ित प्रशांत मिश्रा ने कोतवाली थाने को दिए आवेदन में बताया है कि वे वर्तमान में वे अपने फुफेरे भाई मनीष मिश्रा के मिश्रटोला स्थित मकान आनन्दी भवन के प्रथम मंजिल पर रहते हैं। नीचे के दो फ्लैटों में दो अन्य
किराएदार कमतौल थाना क्षेत्र के करजापट्टी निवासी शैलेन्द्र चौधरी की पत्नी बबीता देवी एवं मधुबनी जिले के फुलपरास थानाक्षेत्र के महादेवा गांव निवासी विशम्भर ठाकुर के पुत्र संजय कुमार रहते हैं। होली मनाने केलिए सभी सपरिवार अपने अपने गांव गए थे। गुरुवार को दिन के करीब एक बजे आवेदक श्री मिश्रा को किरायेदार संजय कुमार का फोन आया कि उनके घरों का ताला टूटा है और सामान बिखरा पड़ा है। इस सूचना के बाद श्री मिश्रा एवं दूसरे किरायेदार भी पहुँचे। पहुंचने में बाद उन्होंने कोतवाली ओपी अध्यक्ष को इसकी सूचना दी। ओपी अध्यक्ष ने स्थल का निरीक्षण कर कानूनी कारवाई शुरू कर दी।
आवेदक श्री मिश्रा द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार संजय कुमार के फ्लैट से लगभग 50 हजार नगद एवं गहने, बबीता देवी के फ्लैट से 12 हजार नगद एवं गहने तथा उनके स्वयं के फ्लैट से 75 हजार नगद एवं गहनों की चोरी हुई है।

