
बेमौसम बारिश की सबसे बड़ी मार किसानों पर, फसल का हाल देख दहाड़ मार रो पड़े किसान!
देखिये वीडियो भी।
देखिये वीडियो भी👆
दरभंगा: जिले में शुक्रवार की सुबह से ही मौसम का मिजाज बिगड़ गया। तेज हवा के साथ सुबह में झमाझम बारिश हुई। इससे गेहूं, सरसों, आम के मंजर आदि को ज्यादा नुकसान देखा गया। आगे और बारिश हुई तो रबी फसल को बहुत ज्यादा नुकसान होगा। इधर मौसम विभाग ने हाई अलर्ट जारी करते हुए पटना सहित कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की है। मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए अलर्ट के अनुसार लोगों को बारिश से अभी राहत नहीं मिलेगी। मौसम विभाग ने 13, 14 और 15 मार्च तक अलर्ट जारी किया है। इसमें पटना सहित 13 जिलों में मोतिहारी, बेतिया, सिवान, गोपालगंज, सारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर तथा सुपौल का नाम शामिल है। इधर किसानों को सबसे अधिक डर ओलावृष्टि को लेकर लग रहा है। क्योंकि ओलावृष्टि हुई तो गेहूं, सरसों, आम के मंजर आदि को ज्यादा नुकसान पहुंचेगा। इधर आकाश में बादल छाए रहने से तापमान नीचे गिर गया है। लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है। किसान तैयार सरसों की फसल नहीं काट रहे हैं। गेहूं भी तैयार होने की स्थिति में है। आम में इस बार अधिक मंजर लगे हैं।
हनुमाननगर प्रखण्ड के सिनुआरा गांव के किसान कृष्णकांत चौधरी, अकलू यादव, नवीन सिंह आदि शुक्रवार की सुबह बारिश के बाद जब अपने खेतों पर पहुंचे तो फसल की हालत देखकर कलेजा हाथ को आ
गया। उनकी आंखों के सामने अंधेरा छाने लगा। वहीं अकलू यादव तो दहाड़ मार कर रोने लगे। उन्होंने बताया कि महाजन से सूद पर कर्ज लेकर उन्होंने खेती किया था। पर अब तो मूलधन भी डूब गया। उनके लिए तो भुखमरी की स्थिति उतपन्न हो गयी है। कृष्णकांत चौधरी ने बताया कि सरकार से उपेक्षित किसान पर भगवान भी दया नही करते। एक तो फसल क्षति भी किसानों को सही से मिलता नही है। यदि किसी को मिलता भी है तो वह मूलधन का आधा भी नही होता।
बारिश से शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह सड़क पर जलजमाव से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

