
आवश्यक वस्तुओं का स्टॉक मेंटेन रखें व्यवसायी: डीएम।
दरभंगा: नोवल कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए पूरे देश में लॉकडाउन किया गया है। इसमें जीवनयापन एवं रोजमर्रा की चीजों एवं अनिवार्य सेवाओं को लॉकडाउन से मुक्त रखा गया है। लेकिन सामान की आवक कम बताकर कुछ व्यवसायियों द्वारा जरूरी सामानों की कालाबाजारी शुरू कर दी गयी है जिससे आम उपभोक्ताओं को समस्याएं होने लगी हैं।
डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने कहा है कि आम लोगों को आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं अनिवार्य सेवाओं को सुचारू करने के लिए सभी उपाय किये जा रहे हैं। उनके निर्देश पर कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए अधिकारियों की टीम पूरे जिला क्षेत्र में छापेमारी अभियान चला रही है। दुकानों में आवश्यक वस्तुओं की दर का भी निर्धारण कर उसे प्रदर्शित कराया गया है ताकि व्यापारी किसी से भी मनमाना पैसा नहीं वसूल सकें। इसी कड़ी में डीएम ने बुधवार को जिला मुख्यालय के थोक गल्ला व्यापारियों के साथ बैठक की और उन्हें कई निर्देश दिये।
डीएम ने सभी थोक व्यापारियों को जीवनयापन एवं रोजमर्रा की वस्तुओं जैसे चावल, आटा, दाल, चीनी, तेल,
आलू, प्याज आदि का पर्याप्त स्टॉक मेनटेन रखने का निदेश दिया है, ताकि बाजार में सामान की कमी न हो। उन्हें कहा गया है कि संकट की घड़ी में सहयोग की भावना से कार्य करें। कृत्रिम कमी की स्थिति उत्पन्न की जायेगी तो आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जायेगी। बैठक में उपस्थित व्यापारियों ने आश्वस्त किया कि बाजार में पर्याप्त खाद्यान्न उपलब्ध है। उन्हें थोड़ी-बहुत परेशानी ट्रांसपोर्टेशन को लेकर हो रही है। व्यापारियों द्वारा गल्ला ढुलाई में प्रयुक्त वाहनों, मजदूरों को लॉकडाउन आदेश से छूट देने का आग्रह किया गया। बैठक में सदर एसडीएम, सदर डीसीएलआर सभी गल्ला थोक व्यापारी आदि उपस्थित थे।

