
विदेश से लौटे लोगों की हो रही ट्रैकिंग, सूचनाओं के सम्प्रेषण केलिए नियंत्रण कक्ष स्थापित।
दरभंगा: कोविड -19 महामारी पर रोक लगाने के उद्देश्य से 18 मार्च एवं उसके बाद जो भी लोग विदेश से यात्रा कर राज्य में या जिले में लौटे हैं, उन सभी को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराकर जांच कराई जायेगी। इसीलिए विदेश भ्रमण कर जो भी लोग जिले में आये हुए हैं, उन सभी लोगों की यात्रा वृतांत के आधार पर ट्रैकिंग की जा रही है।
इसके लिए एक ट्रैकिंग एप भी विकसित किया गया है। इस एप में उक्त व्यक्ति के सभी ब्योरो की प्रविष्टि की जा रही है। उन्हें 24 घंटे र्सिवलांस पर रखा जा रहा है। डीएम ने कहा कि राज्य के बाहर से आये हुए लोगों को भी पहले स्क्रीनिंग की जायेगी। फिर उन्हें गांव के स्कूल अथवा पंचायत भवन में क्वारंटाइन किया जायेगा। अभी ऐसे कोई भी व्यक्ति अभी घर में जाकर नहीं रहेंगे। उन्हें अगले 14 दिनों तक घर के बाहर क्वारंटाइन में रहना होगा। उन्होंने ये बातें कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित बैठक में कही है। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर संस्थापित क्वारंटाइन के संचालन में पंचायत निधि से व्यय होंगे। उन्होंने कहा कि सभी पंचायतों में पंचम वित्त की राशि उपलब्ध है जो कोविड क्वारंटाइन भवन के संचालन में व्यय किया जायेगा।
डीएम ने सभी प्रखंडों में एक-एक कंट्रोल रूम चालू करने का भी निदेश दिया है। वहां कट्रोल रूम से संबंधित सभी लोगों को फोन करके उनकी स्थिति की जानकारी लेती रहनी होगी। किसी भी व्यक्ति में कोरोना के लक्षण दिखेंगे तो तुरंत उक्त व्यक्ति को वहां से निकालकर डीएमसीएच के आइसोलेशन वार्ड में लाया जायेगा। डीएम ने नगर आयुक्त को विदेश दौरा कर लौटे सभी लोगों को अभियान चलाकर स्क्रीनिंग कराने को कहा है। नगर आयुक्त ने कहा कि 15 टीमें गठित कर दी गई हैं, जो घर-घर जाकर विदेश से लौटे सभी लोगों की स्क्रीनिंग करेगी। बैठक में उपस्थित नगर पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को लॉकडाउन का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कहा कि सड़कों पर यत्र-तत्र लोग घूमते नजर आते हैं। इनके मूवमेट को रोक देना है। कहा कि राज्य के बाहर से अभी एक-दो दिनों तक अप्रवासी मजदूरों के जिले में आने की संभावना है। कुछ लोग पैदल चलकर भी आ रहे हैं। उन सभी को पिकअप करके उनके गृह प्रखंड में भेजना है। डीएम ने कहा कि राज्य की सीमाएं सील कर दी गयी हैं। अब वही लोग आएंगे जो राज्य में प्रवेश कर
चुके हैं। सभी थाना प्रभारी को कहा गया कि लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराएं। नगर पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारी से कहा है कि मुख्य सड़कों सहित ग्रामीण पथों पर लगातार गश्ती जारी रखी जाए। क्वारंटाइन भवन में जवानों, चौकीदारों को तैनात कर दिया जाए। डीएम ने कहा है कि कोविड-19 महामारी से निपटने के लिए जिला मुख्यालय स्तर से विभिन्न कोषांगों के माध्यम से 24 घंटे अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण किया जा रहा है।
अगर किसी व्यक्ति को कोरोना के संदर्भ में कोई जानकारी देनी हो अथवा प्राप्त करनी हो तो इन नम्बरों पर डायल कर सकते है।
जिला आपदा नियंत्रण कक्ष – 06272-245055
जिला होम क्वारंटाइन कोषांग – 06272-245385 एवं 06272-240078
आवश्यक वस्तु आपूर्त्ति कोषांग – 06272-245374 एवं मोबाईल नम्बर – 8544426113
कोविड श्रम कोषांग – 9931530301, 9122637673 एवं 8709654294
उक्त नम्बरों पर डायल करके आवश्यक सूचनाएँ प्राप्त की जा सकती है। इसके अलावा बिहार राज्य स्वास्थ्य विभाग का टॉल फ्री नम्बर – 104 पर भी कोरोना के संदर्भ में सूचनाएँ दी जा सकती है।

