
गाड़ियों की संख्या बढाकर एसएफसी ट्रांसपोर्टर जल्द करें खाद्यान का उठाव: डीएम।
दरभंगा: लॉक डॉउन के चलते सरकार द्वारा गरीब लोगों को तुरंत खाद्यान्न उपलब्ध कराने के निर्देश के आलोक में डीएम त्यागराजन एसएम ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में एसएफसी ट्रांसपोर्टर के साथ बैठक आयोजित करके अप्रैल में ही नियमित खाद्यान्न के साथ एक माह का अतिरिक्त खाद्यान्न सभी पात्र लाभुकों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि खाद्यान्न के उठाव एवं वितरण में पूरी पारदर्शिता बरती जाए।साथ ही ट्रांसपोर्टरों को निर्देश दिया गया है कि गाड़ी की संख्या बढ़ाकर राज्य खाद्य निगम के गोदाम से जल्द से जल्द खाद्यान्न का उठाव कर अधिसूचित डीलरों को उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा की खाद्यान्न की मात्रा में कमी की शिकायत मिलने पर तत्क्षण कठोर कार्रवाई की जाएगी एवं अधिकारियों की टीम के द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।
वहीं खाद्य एवं उपभोक्ता विभाग बिहार के सचिव ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जिला आपूर्ति पदाधिकारी एवं सभी अनुमंडल पदाधिकारी को जिला में निवास कर रहे सभी पात्र पूर्वीकर्ता प्राप्त गृहस्ती पीएचएच एवं अंत्योदय लाभार्थियों को सरकार द्वारा घोषित खाद्यान्न का जल्द से जल्द वितरण कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से कहा कि जिन लोगों ने नया राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन दिया है उन सभी आवेदनों की गहन जांच कर नए राशन कार्ड निर्गत किए जाए और उन्हें राशन उपलब्ध कराया जाए। डीएसओ दरभंगा द्वारा बताया गया कि जिले में लगभग 8,10,000 राशन कार्ड धारियों की संख्या है जिसमें अंत्योदय योजना के लाभुकों की संख्या लगभग 92000 है।
बैठक में जिलाधिकारी, एसएफसी अभिनय भास्कर, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अजय गुप्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुशील कुमार शर्मा, जिला पंचायती राज पदाधिकारी अजय कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी राकेश गुप्ता, एसडीओ बिरौल बीके लाल, एसडीओ बेनीपुर प्रदीप झा एवं सभी एसएफसी ट्रांसपोर्टर उपस्थित थे।

