
कार्य में शिथिलता बरतने पर आधे दर्जन से अधिक अधिकारियों पर जिलाधिकारी ने की कारवाई।
दरभंगा: कोरोना संक्रमण को लेकर जहां लॉक डाउन का सख्ती से पालन करवाने केलिए जिला प्रशासन सजग है, वहीं अधिकारियों द्वारा लापरवाही बरतने पर भी लगातार सख्ती जारी है। दरभंगा जिलाधिकारी डॉ0 त्यागराजन एसएम ने कोरोना महामारी के रोकथाम के लिये अपेक्षित दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन नहीं करने के चलते कई पदाधिकारी एवं कर्मियों से स्पष्टीकरण पूछा है। साथ ही उक्त सभी अधिकारियों को 24 घंटे के अंदर अपना अपना स्पष्टीकरण समर्पित करने का निर्देश दिया गया है। कारवाई की जद में आने वाले पदाधिकारियों में कुशेश्वरस्थान पूर्वी, बहेड़ी एवं बहादुरपुर तीनों प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी शामिल हैं। कुशेश्वरस्थान पूर्वी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से भी स्पष्टीकरण पूछा गया है।
बताते चलें कि विश्वव्यापी कोविड – 19 महामारी की रोकथाम के लिए देश भर में लागू लॉक डाउन को सफल बनाने, विधि-व्यवस्था बनाये रखने, आपदा प्रबंधन तथा संदिग्ध संक्रमित व्यक्तियों के स्वास्थ्य जाँच करवाने का संयुक्त दायित्व सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को दिया गया है। जिला स्तर पर गठित होम क्वारंटाइन कोषांग एवं अन्य कोषांग से पुरे स्थिति पर नज़र रखी जा रहीं है। ऐसा देखा जा रहा है कि कुछ क्षेत्रीय पदाधिकारियों द्वारा इस कोरोना आपदा को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। जिला स्तर से निर्देशित किये जाने पर प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी सक्रिय होते हैं। जिलाधिकारी ने इस पर गहरी नाराज़गी व्यक्त किया है और संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की चेतावनी दिया गया है।

