
डीएमसीएच में भर्ती हुआ कोरोना का संदिग्ध, सीवान के कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में था आया।
दरभंगा: डीएमसीएच के आइसोलेशन वार्ड में रविवार को कोरोना के दो संदिग्धों को भर्ती कराया गया। इसमें एक को इमरजेंसी वार्ड के फ्लू कॉर्नर में जांच कर आइसोलेशन वार्ड में भेजा गया। जबकि, दूसरे को उसके घर से लाया गया। उक्त युवक ओमान से मार्च के तीसरे सप्ताह में घर पहुंचा था। तब से घर में ही था। सूचना मिलते ही प्रशासन ने उसके घर एंबुलेंस भेजी और डीएमसीएच के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया। वह ओमान में इंजीनियर है। सूचना है कि उनके नाक और गला के स्वाब लिए गए है। उसे जांच के लिए डीएमसीएच के माइक्रोबायोलॉजी विभाग की लेबोरेटरी में भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद सही बात सामने आएगी। बताया गया कि वह जिस विमान से आया था, उसमें सिवान का एक कोरोना पॉजिटिव मरीज भी था।
फिलहाल इस खबर पर कोई अधिकारिक पक्ष प्राप्त नही हो सका है। सोमवार को जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की सम्भावना है।

