
क्वारेंटाइन केंद्र में कोरोना के संदिग्ध ने की आत्महत्या, डीएम-एसएसपी ने पहुँच कर की मामले की जाँच।
देखिए वीडियो भी।
देखिए वीडियो भी 👆
दरभंगा: दरभंगा से एक बड़ी दुखद खबर प्राप्त हुई है। कवारेंटाइन किये गए एक कोरोना संदिग्ध के आत्महत्या की खबर से सनसनी मच गयी। दरभंगा के जिलाधिकारी डॉ0 त्यागराजन एसएम एवं वरीय पुलिस अधीक्षक बाबूराम ने स्वयं घटनास्थल पर पहुँच कर पूरे मामले की जांच की है। पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता भी प्रदान किया गया है।
इस संबंध में जिला प्रशासन द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार जिले के बहादुरपुर प्रखण्ड के मध्य विद्यालय, कुमरौली में क्वारंटाइन किये गये अप्रवासी मजदूर विनोद यादव के आत्महत्या कर लिये जाने की सूचना प्राप्त होते ही जिलाधिकारी, वरीय पुलिस एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों ने तत्क्षण घटनास्थल पर जाकर पूरी मामले का जायजा लिया।
जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक को दिन के लगभग साढ़े तीन बजे सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही वे लोग वहां तुरंत प्रस्थान किये। वरीय पुलिस अधीक्षक के द्वारा मृतक के परिवार के सदस्यों एवं वहाँ प्रतिनियुक्त चौकीदार, स्थानीय जनप्रतिनिधि आदि से पूछ-ताछ किया गया। चौकीदार द्वारा बताया गया कि कोरोना महामारी की रोकथाम को लेकर देश व्यापी लॉक डाउन अवधि में विनोद यादव विगत 10 अप्रैल 2020 को दिल्ली से चलकर यहाँ आया था और उन्हें मध्य विद्यालय, कुमरौली में क्वारंटाइन किया गया था। वे कमरे में अकले रह रहे थे और उनके बगल वाले कमरे में दो अन्य व्यक्ति क्वारंटाइन किये गये थे। स्कूल में उन्हें भोजन, आवासन, चिकित्सा की सारी सुविधाएँ प्रदान की जा रही थी।
आज सोमवार को विनोद यादव बहुत देर तक कमरे में बंद रहे। संदेह होने पर कमरे में जाकर देखा गया तो वे कमरे में मृत पाये गये। उन्होने गले में गमछा लगाकर कमरे की खिड़की के सहारे आत्महत्या कर लिये थे।
पूछ-ताछ के क्रम में ग्रामीणों एवं उनके परिजनों द्वारा बताया गया कि पिछले होली के अवसर पर वे गांव में आये थे, तो इनका टी.बी. (यक्ष्मा) बीमारी का ईलाज हुआ था, इनके मुंह से खून भी निकला था। परिजनों का कहना है कि टी.वी. बीमारी के चलते वे काफी तनाव में रहते थे।
क्वारंटाइन होम में आवासन के दौरान चिकित्सकों द्वारा इनकी जांच की गई थी और इनकी कॉंसेलिंग भी की गई थी तो इसके टी.बी. बीमारी के चलते तनाव में रहने की बातें भी सामने आई थी।
बताया गया कि इनको राशन कार्ड भी उपलब्ध था और इनके परिवार को राशन भी मिल रहा था। साथ ही सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत इनके माता को वृद्धावस्था पेंशन भी मिल रहा था। उन्हें सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली सारी सुविधाएँ प्राप्त हो रही थी।
जिला प्रशासन के अनुसार प्रथम दृष्टया इनके आत्महत्या करने के पीछे इनका टी.बी. रोग एवं परिवारिक कारण हो सकता है। जिलाधिकारी के निर्देश पर मृतक के परिजन को मुख्यमंत्री परिवार कल्याण योजना एवं कबीर अंत्येष्ठी योजना के तहत लाभ प्रदान कर दिया गया है।
जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया गया है कि हर प्रकार की सरकारी सहायता उन्हें प्रदान की जाएगी।

