Home Featured डीएम ने पीडीएस दुकानों का किया निरीक्षण, बिना आधार सीडिंग के भी राशन देने का दिया निर्देश।
Featured - मुख्य - April 13, 2020

डीएम ने पीडीएस दुकानों का किया निरीक्षण, बिना आधार सीडिंग के भी राशन देने का दिया निर्देश।

दरभंगा: कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए देशभर में लागू लॉक डाउन के चलते सरकार की ओर से प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत सभी पात्र लाभुक परिवारों को प्रति व्यक्ति 5 किलो चावल एवं राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत प्रति परिवार 1 किलो दाल मुफ्त में वितरण किया जा रहा है। जिला में मुफ्त खाद्यान्न का यह वितरण कार्य माह अप्रैल के नियमित मूल्य सहित खाद्यान्न के साथ ही पीडीएस दुकानों के माध्यम से किया जा रहा है। डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने सोमवार को कई पीडीएस दुकानों का भ्रमण कर खाद्यान्न वितरण कार्य का जायजा लिया।
उन्होंने शहर के वार्ड नंबर 28 मदारपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में आधार सीडिंग नहीं हुए व्यक्ति के हिस्से का राशन डीलर की ओर से नहीं दिए जाने पर डीएम ने इसे गंभीरता से लिया। जिला आपूर्त्ति पदाधिकारी, सभी एसडीओ एवं एमओ को यह सुनिश्चित करने को कहा है कि सभी पात्र लाभुकों को ससमय खाद्यान्न उपलब्ध हो। यदि किसी एक परिवार में 7 सदस्य है तो नियमित कोटे के अतिरिक्त उस परिवार को 35 किलो चावल एवं एक किलो दाल मुफ्त मिलेगा। इसके लिये उस परिवार के पास राशन कार्ड होना जरूरी है। अगर किसी लाभुक का कार्ड गुम हो गया है या अन्य कोई कारण से वह कार्ड प्रस्तुत नहीं कर पाता है लेकिन कार्ड का आईडी उसे पता है तो ईपीडीएस पोर्टल से उसे वेरीफाई करके राशन दिया जायेगा।
कोरोना आपदा को देखते हुए सरकार की ओर से वर्तमान में लाभुकों के आधार सीडिंग की बाध्यता को शिथिल कर दिया गया है। डीएम ने कहा कि जिनका आधार सीडिंग नहीं हुआ है वे अपना आधार की प्रति डीलर को उपलब्ध करा दें। डीलरों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि किसी कार्डधारी अथवा उस परिवार के किसी सदस्य का आधार सीडिंग नहीं हुआ है तो भी सभी सदस्यों को खाद्यान्न दे। आधार के कारण किसी व्यक्ति का राशन नहीं रोका जायेगा। डीएम ने कहा है की सभी पूर्विक्ता प्राप्त गृहस्थी एवं अंत्योदय योजना के लाभार्थी को माह अप्रैल में दुगुना अनाज पूरी पारदर्शिता बरतते हुए उपलब्ध कराया जा रहा है। खाद्यान्न वितरण कार्य की पूरी निगरानी कराई जा रहीं है। जिलास्तरीय से लेकर प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों की ओर से सभी पीडीएस दुकानों का बराबर निरीक्षण किया जा रहा है। कोई भी डीलर गड़बड़ी करने की कोशिश करेंगे तो उन्हें तत्क्षण निलंबित कर उनके विरुद्ध थाने मे प्राथमिकी दर्ज़ करा दी जायेगी।

Share