Home Featured सभी पात्र लाभुकों के राशन कार्ड बनाने और आधार सीडिंग के कार्य मे तेजी लाने का निर्देश।
Featured - मुख्य - April 14, 2020

सभी पात्र लाभुकों के राशन कार्ड बनाने और आधार सीडिंग के कार्य मे तेजी लाने का निर्देश।

दरभंगा: जिलाधिकारी डॉ0 त्यागराजन एसएम ने पूर्वक्तिा प्राप्त गृहस्थी (पीएचएच) एवं अंत्योदय योजना के छूटे हुए सभी पात्र लाभार्थियों को नया राशन कार्ड उपलब्ध कराने एवं सभी राशन कार्डों का आधार से सीडिंग तेजी से कराने का निर्देश दिया है ताकि कोरोना से निजात को सरकार द्वारा घोषित योजनाओं से कोई वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा है कि इस कार्य को अभियान चलाकर अविलम्ब पूरी किया जाए। उन्होंने ये बातें कार्यालय में मंगलवार को आयोजित बैठक में कही।
उन्होंने कहा कि सरकार ने लॉकडाउन को तीन मई तक के लिए बढ़ाया है। लॉकडाउन को पूरी कड़ाई से पालन कराया जाये। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति, खरीद-बिक्री एवं अनिवार्य सेवाएं पूर्व की तरह संचालित होंगी। इसके लिए आवश्यकता अनुसार पास निर्गत किया जायेगा। आवश्यक सेवाओं कृषि कार्य, गेहूं खरीद, पशुपालन, मत्स्यपालन, बैंकिंग आदि कार्यों में संलग्न व्यक्तियों को पास निर्गत करने के लिए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को प्राधिकृत कर दिया गया है। यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्रशासन द्वारा पूर्व में जो पास जारी किया गया है वह सब 30 जून तक मान्य रहेंगे। निर्देश दिया गया है कि आवश्यक सेवाओं के क्रियान्वयन में सोशल डिस्टेंसिंग नियम का अनिवार्य तौर पर पालन कराया जाये। नगर आयुक्त घनश्याम मीणा ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में पांच खुले स्थलों में सब्जी बाजार को शिफ्ट करा दिया गया है। इसमें राज मैदान, नेहरू स्टेडियम व सीएम लॉ कॉलेज हैं। बताया कि यहां पर सोसल डिस्टेंसिंग नियम का पालन कराने की कोशिश की जा रही है। बैठक में डीडीसी, एडीएम, सहायक समाहर्ता, सिविल सर्जन, डीएसओ, डीपीआरओ, सभी एसडीओ, सदर डीसीएलआर, डीएचएम आदि उपस्थित थे।

Share