Home Featured नशे में धराये बीडीओ को निलंबित कर अनुशासनिक कारवाई तेज करने का डीएम ने दिया निर्देश।
Featured - मुख्य - April 20, 2020

नशे में धराये बीडीओ को निलंबित कर अनुशासनिक कारवाई तेज करने का डीएम ने दिया निर्देश।

दरभंगा: शराब मामले में धराये कुशेश्वरस्थान के प्रखंड विकास पदाधिकारी अखिलेश्वर प्रसाद सिंह के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें निलंबित करने और कड़ी अनुशासनिक कारवाई करने की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश सोमवार को जिलाधिकारी डॉ0 त्यागराजन एसएम ने दिया है।
रविवार की संध्या में उक्त शराब के नशे में पकड़े गए बीडीओ के सम्बंध में जिलाधिकारी द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार उक्त आरोपी बेडीओ के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज़ करा दी गयी है और अदालत में अभियोजन वाद चलाने के लिये विभाग की स्वीकृति हेतु प्रस्ताव भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम ने कहा है कि बीडीओ कुशेस्वरस्थान का आचरण सर्वथा प्रतिकूल पाया गया है। बिहार राज्य में पूर्ण शराब बंदी लागू है, और शराबबंदी कानून को लागू कराने की जवाबदेही सरकारी पदाधिकारियों की है। ऐसे में किसी सरकारी सेवक के द्वारा ही कानून का उल्ल्ंघन किया जाना घोर निंदनीय है। उन्होंने कहा है कि दोषी पदाधिकारी के विरुद्ध कठोर अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञात हो कि बिरौल के एसडीओ को रविवार की संध्या में यह सूचना प्राप्त हुई कि कुशेस्वरस्थान बीडीओ सरकारी आवास में शराब का सेवन कर रहे हैं। एसडीओ द्वारा तत्क्षण पुलिस भेजकर बीडीओ की ब्रेथ एनालिसिस कराई गयी, जिसमें शराब की पुष्टि भी हो गयी।
जिलाधिकारी के संज्ञान में यह मामला लाये जाने पर शराब बंदी कानून के तहत बीडीओ श्री सिंह के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज़ कराने का निर्देश दिया गया और दोषी अधिकारी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज़ कराई गयी।
जिलाधिकारी ने कहा हैं कि श्री सिंह से बीडीओ का कार्यभार ले लिया गया है। इनको निलंबित करने एवं विभागीय कार्यवाही चलाने हेतु सरकार को शीघ्र अनुशंसा भेजी जा रहीं हैं।

Share