
आंधी बारिश के साथ हुए वज्रपात से एक की मौत, मृतक के परिवार को दिया गया चार लाख का चेक।
दरभंगा: दरभंगा सहित बिहार के कई जिलों में मंगलवार की सुबह आयी तेज आंधी-पानी से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। कई घरों के छप्पर उड़ गए। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गयी है। आंधी-पानी से आम, लीची, केला, मक्का व गेहूं की फसल को भारी नुकसान हुआ है।
दरभंगा जिले में मंगलवार सुबह आंधी के साथ मूसलाधार बारिश के साथ ठनका भी गिरा। इस ठनका के गिरने से हनुमान नगर प्रखण्ड के डिलाही पंचायत के छोटी डिलाही नयानगर निवासी लगन यादव के 18 वर्षीय पुत्र मिथिलेश कुमार की मौत हो गयी। इसकी सूचना मिलने पर जिलाधिकारी डॉ0 त्यागराजन एसएम ने गहरी संवेदना व्यक्त की और अंचलाधिकारी को आपदा प्रावधान के तहत शोक संतृप्त परिवार को अविलम्ब चार लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध करवाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी के निर्देश का पालन करते हुए अंचलाधिकारी ने मृतक के पिता लगन यादव को उनके घर जाकर चार लाख का चेक सौंप दिया।
वहीं जिलाधिकारी ने इसके साथ ही सभी अंचलाधिकारियों को मंगलवार को हुए आँधी, बारिश तथा ओलावृष्टि के कारण हुए नुकसान का सर्वेक्षण कर
प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया है ताकि क्षति केलिए मुआवजा प्रदान किया जा सके। मंगलवार को ही आंधी में क्षतिग्रस्त हुए झोपड़ी, छप्पर आदि से सम्बंधित परिवारों को पॉलीथिन शीट का वितरण शुरू कर दिया गया। विस्तृत प्रतिवेदन मिलने पर मुआवजा भी प्रदान किया जाएगा।

